Lucknow में LDA की दो बड़ी आवासीय योजनाएं, 3100 से ज्यादा प्लॉट के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, देखें पूरी डिटेल
Lucknow: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) शहर में घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी लाया है। प्राधिकरण ने अपनी दो महत्वाकांक्षी आवासीय योजनाएं, वरुण विहार और नैमिष नगर को एक साथ लॉन्च करने की तैयारी कर ली है।
Lucknow: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) शहर में घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी लाया है। प्राधिकरण ने अपनी दो महत्वाकांक्षी आवासीय योजनाएं, वरुण विहार और नैमिष नगर को एक साथ लॉन्च करने की तैयारी कर ली है। इन दोनों योजनाओं के तहत 3100 से ज्यादा आवासीय भूखंडों (प्लॉट्स) के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सोमवार को इन योजनाओं की लॉन्चिंग की रूपरेखा तय की और सड़कों के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। इस पूरी योजना का मकसद शहर के विस्तार के साथ-साथ लोगों को किफायती दरों पर जमीन उपलब्ध कराना है। वरुण विहार योजना आगरा एक्सप्रेस-वे के किनारे करीब 6,580 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगी, जिसमें सरोजनीनगर और सदर तहसील के गांव शामिल हैं। वहीं, नैमिष नगर योजना आईआईएम रोड के पास लगभग 3,600 एकड़ में फैलेगी, जिसमें बख्शी का तालाब (बीकेटी) तहसील की जमीन का इस्तेमाल होगा।
| विवरण | वरुण विहार योजना | नैमिष नगर योजना |
|---|---|---|
| कुल प्लॉट | 1926 (कैलाश खंड: 1218, काशी खंड: 708) | 1179 |
| लोकेशन | आगरा एक्सप्रेस-वे के किनारे | आईआईएम रोड के पास |
| प्लॉट साइज | 72 वर्गमीटर से 450 वर्गमीटर तक | 72 वर्गमीटर से 450 वर्गमीटर तक |
| खासियत | सेंट्रल पार्क, गोल्फ कोर्स और 300 एकड़ लॉजिस्टिक्स पार्क | आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और हरित क्षेत्र |
| पानी का स्रोत | शारदा नहर | गोमती नदी |
| अनुमानित दर | ₹2,500 से ₹3,000 प्रति वर्ग फुट | ₹2,500 से ₹3,000 प्रति वर्ग फुट |
इन योजनाओं में बुनियादी सुविधाओं का खास ख्याल रखा गया है। दोनों प्रोजेक्ट्स में 18 मीटर से 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान सड़कें बनेंगी। भूजल को बचाने के लिए अलग से वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाएंगे। नैमिष नगर के लिए करीब 4,785 करोड़ रुपये की लागत से जमीन अधिग्रहण किया जा रहा है, जिसका 70% काम पूरा हो चुका है। वरुण विहार में भी जमीन का पंजीकरण और कब्जा लेने की प्रक्रिया जारी है। अनुमान है कि वरुण विहार से करीब 3.5 लाख और नैमिष नगर से 2 लाख लोग यहां बस सकेंगे।