Lucknow को तोहफ़ा, गोमती किनारे बनेगी एडवेंचर सिटी और ‘लखनऊ आई’, 2750 करोड़ रुपये से बदलेगी शहर की सूरत
Lucknow: राजधानी लखनऊ अब एक ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनने की राह पर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) गोमती नदी के किनारे एक भव्य ‘एडवेंचर सिटी’ विकसित करने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट का मकसद लखनऊ को दुनिया के नक्
Lucknow: राजधानी लखनऊ अब एक ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनने की राह पर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) गोमती नदी के किनारे एक भव्य ‘एडवेंचर सिटी’ विकसित करने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट का मकसद लखनऊ को दुनिया के नक्शे पर एक स्मार्ट और टूरिज्म सिटी के रूप में पहचान दिलाना है, जिससे शहर की बुनियादी सुविधाओं और पर्यटन में बड़ा बदलाव आएगा।
इस पूरे प्रोजेक्ट में करीब 2,750 करोड़ रुपये का निवेश होगा और इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत तैयार किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा आकर्षण ‘लखनऊ आई’ (Lucknow Eye) होगा। यह लंदन आई की तर्ज पर बनाया जाने वाला एक विशाल झूला होगा, जिसका व्यास 150 मीटर होगा। यह लंदन आई (135 मीटर) से भी बड़ा होगा और यहाँ से लोग पूरे शहर का शानदार नजारा देख सकेंगे।
एडवेंचर सिटी में मनोरंजन और रोमांच के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के थीम पार्क और हाई-टेक राइड्स लगाई जाएंगी। यहाँ कुल 22 तरह की एडवेंचर एक्टिविटीज होंगी, जिन्हें तीन हिस्सों में बांटा गया है। जमीन पर ATV राइड्स, गो-कार्टिंग और बंजी ट्रैम्पोलिन जैसे खेल होंगे, जबकि हवा में पैरासेलिंग, स्काई साइकिलिंग और जिप-लाइनिंग का मजा मिलेगा। पानी के खेलों में जेट स्कीइंग, वॉटर ज़ोर्बिंग और एक्वा साइकिलिंग शामिल रहेंगे।
फिलहाल इस प्रोजेक्ट के लिए घौस मोहम्मद क्रिकेट स्टेडियम के पास एंट्रेंस-7 को एडवेंचर स्पोर्ट्स का मुख्य केंद्र बनाया गया है। LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट से न केवल पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि होटल, ट्रांसपोर्ट और स्थानीय कारोबारों में रोजगार के नए मौके भी पैदा होंगे। LDA ने एजेंसी चुनने के लिए RFP जारी कर दिया है और एजेंसी फाइनल होने के तीन महीने के भीतर काम पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा, शहर में 1,250 करोड़ रुपये की लागत से ‘सीनियर सिटी’ प्रोजेक्ट पर भी काम चल रहा है।