Lucknow: अनंत नगर योजना के काम में देरी पर LDA सख्त, दो ठेकेदारों पर लगा 12.5 लाख का जुर्माना
Lucknow: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अनंत नगर योजना में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर कड़ा एक्शन लिया है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने जब प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया, तो उन्हें कई काम अधूरे और बेहद धीमी गति से चलत
Lucknow: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अनंत नगर योजना में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर कड़ा एक्शन लिया है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने जब प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया, तो उन्हें कई काम अधूरे और बेहद धीमी गति से चलते मिले। इस लापरवाही के चलते दो निर्माण एजेंसियों पर कुल 12.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मेसर्स डी.पी. इंफ्रास्ट्रक्चर को सेक्टर-1, पॉकेट-ई में 9, 12, 18 और 24 मीटर चौड़ी सड़कों के निर्माण का आदेश दिया गया था, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। इस वजह से कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, मेसर्स राजलक्ष्मी इंटरप्राइजेज पर 7.50 लाख रुपये का जुर्माना लगा है, क्योंकि सेक्टर-1 और 4 में 45 मीटर चौड़ी सड़क, ट्रेंच, सीवरेज और ड्रेन का काम बहुत धीरे चल रहा था।
एलडीए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बरसात के मौसम को देखते हुए मिट्टी भराई और लेवलिंग के काम को सबसे पहले पूरा किया जाए। मुख्य अभियंता को हर हफ्ते काम की जांच करने और उसकी रिपोर्ट देने को कहा गया है। इसके अलावा, कानपुर रोड से नादरगंज होते हुए अनंत नगर को जोड़ने वाली 5 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण और आरसीसी ड्रेन का काम भी प्रस्तावित है।
पर्यावरण को बचाने के लिए इस योजना में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। यहां लगभग 8,000 पेड़ों को काटने के बजाय उन्हें दूसरी जगह लगाया जाएगा, जो प्रदेश का सबसे बड़ा वृक्ष प्रत्यारोपण अभियान होगा। इन पेड़ों को योजना के पार्कों और ग्रीन बेल्ट में शिफ्ट किया जाएगा। उपाध्यक्ष ने आदेश दिया है कि पेड़ों की शिफ्टिंग से पहले कास्तकारों को उनके मुआवजे का भुगतान कर दिया जाए।
बता दें कि इससे पहले फरवरी 2026 में भी एलडीए ने काम धीमा होने पर चार एजेंसियों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी थी, लेकिन सुधार न होने पर अब जुर्माने की कार्रवाई की गई है।