Bihar में कर्नाटक पुलिस की पिटाई, कुख्यात अपराधी को पकड़ने गई टीम को ग्रामीणों ने समझा बदमाश

हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर जिले में एक अजीब घटना घटी जहां कर्नाटक पुलिस की टीम को स्थानीय लोगों ने अपराधी समझकर जमकर पीट दिया। यह मामला दामोदरपुर पश्चिमी टोला का है, जहां पुलिस की टीम सादे कपड़ों में एक कुख्यात अपराधी को

हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर जिले में एक अजीब घटना घटी जहां कर्नाटक पुलिस की टीम को स्थानीय लोगों ने अपराधी समझकर जमकर पीट दिया। यह मामला दामोदरपुर पश्चिमी टोला का है, जहां पुलिस की टीम सादे कपड़ों में एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार करने पहुंची थी।

कर्नाटक पुलिस की यह टीम अमन कुमार नाम के व्यक्ति को पकड़ने आई थी, जिस पर कर्नाटक में 98 लाख रुपये की लूट का आरोप है। जब पुलिस ने अमन कुमार को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने इसका विरोध किया और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण वहां जमा हो गए और उन्होंने सादे कपड़ों में मौजूद पुलिस टीम को भी बदमाश समझ लिया और उनकी पिटाई कर दी।

जब पुलिसकर्मियों ने अपने पहचान पत्र दिखाए, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए और उन्हें समझ आया कि ये लोग पुलिस टीम हैं। इसके बाद तुरंत स्थानीय सराय थाना को घटना की जानकारी दी गई। सराय थाना अध्यक्ष ने पुष्टि की है कि कर्नाटक पुलिस ने नामजद आरोपी अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में अमन कुमार घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए हाजीपुर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।