Delhi-Dehradun Expressway से नहीं गुजर सकेंगे कांवड़िए, प्रशासन ने तय किए वैकल्पिक रूट
Delhi: साल 2026 की कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगी। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब कांवड़िए और उनके वाहन दिल्ली-द
Delhi: साल 2026 की कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगी। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब कांवड़िए और उनके वाहन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
प्रशासन का कहना है कि यह एक्सप्रेसवे तेज रफ्तार ट्रैफिक के लिए बना है। पैदल चलने वाले शिवभक्तों या धीरे चलने वाले डाक कांवड़ वाहनों के लिए यहां चलना खतरनाक हो सकता है, जिससे बड़े हादसे होने का डर है। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बरधन ने साफ किया है कि एक्सप्रेसवे पर आम ट्रैफिक चलता रहेगा, लेकिन कांवड़ियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी और इसे सख्ती से लागू किया जाएगा।
कांवड़ियों की सुविधा के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। पैदल यात्रा करने वालों को अपर गंगा कैनाल मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है, जिसकी तैयारी हरिद्वार डीएम मयूर दीक्षित ने पूरी करवा ली है। वहीं, डाक कांवड़ वाहनों के लिए पारंपरिक NH-34 (दिल्ली-हरिद्वार हाईवे) का रास्ता खुला रहेगा।
दिल्ली के भीतर भी ट्रैफिक पुलिस ने कई रूट निर्धारित किए हैं। इनमें अप्सरा बॉर्डर-शाहदरा फ्लाईओवर, भोपुरा बॉर्डर-वजीराबाद रोड, लोनी बॉर्डर, सोनिया विहार बॉर्डर से पुस्ता रोड और इंदिरा पार्क नाला रोड-गाजीपुर बॉर्डर-न्यू अशोक नगर-पुस्ता रोड शामिल हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की है ताकि यात्रा सुरक्षित तरीके से पूरी हो सके।
यात्रा को आसान बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने कांवड़ शिविरों के लिए आर्थिक मदद का प्रस्ताव दिया है, जिसमें बड़े शिविरों को 15 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकती है। सफाई, पानी और मेडिकल सुविधा के लिए MCD, दिल्ली जल बोर्ड और CATS जैसी टीमें तैनात रहेंगी।
ट्रैफिक मैनेजमेंट के तहत 29 जुलाई की रात से दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (गाजियाबाद-मेरुठ हिस्सा) और चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। इसके अलावा, 7 अगस्त से 12 अगस्त तक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के यूपी वाले हिस्से को आम ट्रैफिक के लिए बंद रखा जाएगा और एक लेन सिर्फ कांवड़ियों के लिए आरक्षित होगी।