Kanpur में जाजमऊ गंगा पुल 4 महीने तक रहेगा बंद, लखनऊ आने-जाने वाली गाड़ियों पर पड़ेगा असर

UP/Kanpur : कानपुर के जाजमऊ गंगा पुल की मरम्मत का काम शुरू होने जा रहा है, जिसकी वजह से इस पुल को करीब चार महीने के लिए पूरी तरह बंद रखने की योजना है। इस बंदी से लखनऊ और कानपुर के बीच सफर करने वाले लोगों और भारी वाहनों क

UP/Kanpur : कानपुर के जाजमऊ गंगा पुल की मरम्मत का काम शुरू होने जा रहा है, जिसकी वजह से इस पुल को करीब चार महीने के लिए पूरी तरह बंद रखने की योजना है। इस बंदी से लखनऊ और कानपुर के बीच सफर करने वाले लोगों और भारी वाहनों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल प्रशासन ट्रैफिक डायवर्जन के रास्ते तलाश रहा है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बताया कि पुल के निचले हिस्से का काम पूरा हो चुका है, लेकिन अब ऊपरी हिस्से की मरम्मत और 28 बेयरिंग बदलने का काम बाकी है। यह फैसला केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (CRRI) की रिपोर्ट के बाद लिया गया, जिसमें पुल में कंपन की समस्या पाई गई थी। NHAI इस पूरे काम पर 5.50 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है।

पुल की मरम्मत के लिए गर्डर्स को जैक से उठाकर बेयरिंग बदले जाएंगे, जिसमें करीब दो महीने का समय लगेगा और उसके बाद 28 दिनों तक तराई (क्योरिंग) करनी होगी। NHAI के परियोजना निदेशक पंकज यादव ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर वैकल्पिक मार्ग तय किया जाएगा। साइट इंजीनियर आयुष शर्मा के मुताबिक, हाईवे पर ट्रैफिक बहुत ज्यादा होने के कारण प्रशासन इतनी लंबी अवधि के लिए पुल बंद करने की अनुमति देने में हिचकिचा रहा है।

ट्रैफिक डायवर्जन के लिए सरैया क्रॉसिंग के रास्ते पर विचार किया जा रहा है, लेकिन वहां सेतु निगम का रेलवे ओवरब्रिज अभी अधूरा है। रेलवे फाटक बंद होने से वहां भारी जाम लग सकता है। इसके अलावा उन्नाव के बक्सर और रायबरेली के लालगंज गंगा पुल पर पहले से ही भारी वाहनों की एंट्री बंद है, जिससे कानपुर-लखनऊ रूट पर भारी गाड़ियों के लिए कोई दूसरा आसान रास्ता नहीं बचा है।