UP के जेवर एयरपोर्ट से शुरू हुई कमर्शियल उड़ानें, पहली फ्लाइट से लखनऊ गए 172 किसान

UP/Gautam Buddha Nagar: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यानी जेवर एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट्स की शुरुआत हो गई है। इस खास मौके पर उन किसानों को सम्मान दिया गया जिन्होंने एयरपोर्ट के लिए अपनी जमीन दी थी। 15 जून 2026 को पहली फ्ल

UP/Gautam Buddha Nagar: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यानी जेवर एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट्स की शुरुआत हो गई है। इस खास मौके पर उन किसानों को सम्मान दिया गया जिन्होंने एयरपोर्ट के लिए अपनी जमीन दी थी। 15 जून 2026 को पहली फ्लाइट के जरिए 172 किसान लखनऊ रवाना हुए, जहां वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे।

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने एयरपोर्ट का शुभारंभ किया। इंडिगो एयरलाइंस ने यहां अपनी सेवाएं शुरू की हैं। लखनऊ से पहली इंडिगो फ्लाइट सुबह 8:05 बजे जेवर एयरपोर्ट पर उतरी। इसके तुरंत बाद सुबह 8:30 बजे एक विशेष फ्लाइट से किसानों का समूह लखनऊ के लिए रवाना हुआ। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह कर रहे हैं। किसानों के इस समूह में 20 महिला किसान भी शामिल हैं।

लखनऊ पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित करेंगे। किसान मुख्यमंत्री का आभार जताएंगे कि उन्होंने उनके योगदान को पहचाना। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस सपने का सच होना बताया जिसमें आम इंसान का हवाई जहाज में सफर करना शामिल है। सभी किसान शाम को फ्लाइट से वापस नोएडा लौट आएंगे।

एयरपोर्ट के पहले चरण का काम पूरा हो चुका है और यह हर साल 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है। इस एयरपोर्ट को 6 मार्च 2026 को DGCA से लाइसेंस मिला था। शुरुआती दौर में 15 जून से लखनऊ और बेंगलुरु के लिए उड़ानें शुरू हुई हैं। वहीं 16 जून से हैदराबाद, जम्मू और अमृतसर जैसे शहरों के लिए भी फ्लाइट्स शुरू की जाएंगी।