Caspian Sea में ईरान के जहाज पर हमला, तेहरान ने यूक्रेन पर लगाया आरोप; एक नाविक की मौत
World : कैस्पियन सागर में ईरान के एक कमर्शियल जहाज पर हमले के बाद तनाव बढ़ गया है। ईरान ने इस हमले के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया है। इस घटना में एक नाविक की जान चली गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। ईरान ने इस कार्
World : कैस्पियन सागर में ईरान के एक कमर्शियल जहाज पर हमले के बाद तनाव बढ़ गया है। ईरान ने इस हमले के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया है। इस घटना में एक नाविक की जान चली गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। ईरान ने इस कार्रवाई को पूरी तरह गलत और दुश्मनी भरा बताया है।
यह घटना शनिवार सुबह की है जब जहाज पर एक जोरदार धमाका हुआ। ईरान के विदेश मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और इसे एक आपराधिक कृत्य करार दिया है। तेहरान का आरोप है कि यूक्रेन रूस के साथ अपनी जंग को अब और आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। ईरान ने चेतावनी दी है कि अपने नागरिकों के जीवन और संपत्ति पर हुए इस हमले का जवाब जरूर दिया जाएगा।
विरोध जताने के लिए ईरान ने तेहरान में यूक्रेन के चार्ज डी अफेयर्स को तलब किया है। ईरान का कहना है कि यह हमला संयुक्त राष्ट्र चार्टर के नियमों का उल्लंघन है। उसने UN सुरक्षा परिषद और यूरोपीय संघ से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दी जाए। साथ ही ईरान ने यह बात भी दोहराई कि उसने रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में कभी दखल नहीं दिया है।
दूसरी तरफ यूक्रेन के राष्ट्रपति Volodymyr Zelenskyy ने शनिवार को बयान दिया कि उनकी सेना ने कैस्पियन सागर में लंबी दूरी के हमलों के जरिए बड़ी कामयाबी हासिल की है। उन्होंने बताया कि इन हमलों का निशाना एक रूसी युद्धपोत और वे जहाज थे जो ईरान से जुड़े सैन्य सामान की ढुलाई कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर उस कमर्शियल जहाज का नाम नहीं लिया जिसका जिक्र ईरान ने किया है। इसके अलावा ज़ेलेंस्की ने रूस पर आरोप लगाया कि वह सैटेलाइट की मदद से ईरान को खाड़ी क्षेत्र में मिसाइल हमले करने में मदद कर रहा है।