UP, Bihar, Delhi समेत 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
Weather Update : उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मानसून अब पूरी तरह एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत 14 राज्यों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इ
Weather Update : उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मानसून अब पूरी तरह एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत 14 राज्यों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी-तूफान आने की भी संभावना है।
पहाड़ी राज्यों जैसे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हालात ज्यादा गंभीर हो सकते हैं, जहां मूसलाधार बारिश और बाढ़ का रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में लैंडस्लाइड की वजह से केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों की सेवाएं रोक दी गई हैं और कैलाश-मानसरोवर यात्रियों का एक जत्था भी रुक गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 19 से 24 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश होगी। 20 और 21 जुलाई को इन इलाकों में रेड अलर्ट है और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। वहीं दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में आज छिटपुट बारिश हो सकती है, लेकिन 20 से 23 जुलाई के बीच यहां व्यापक रूप से भारी बारिश होने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में 24 जुलाई तक लगातार बारिश का दौर चलेगा। राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी 20 से 24 जुलाई के बीच तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 19 और 20 जुलाई को रिकॉर्ड तोड़ बारिश होने का अनुमान है।
मध्य भारत की बात करें तो पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 24 जुलाई तक भारी बारिश होगी। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और बिहार में 19 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है, जबकि झारखंड और ओडिशा में यह सिलसिला 23 जुलाई तक जारी रहेगा। पूर्वोत्तर राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 19-20 जुलाई को बहुत भारी बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत में कोंकण और गोवा में 24 जुलाई तक बारिश जारी रहेगी। तटीय कर्नाटक में भी 24 जुलाई तक और केरल व लक्षद्वीप में 21 जुलाई तक भारी वर्षा होने की संभावना है। हालांकि, गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में अगले 7 दिनों तक केवल हल्की या छिटपुट बारिश ही देखने को मिलेगी।