Bihar, Sikkim समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने दी मूसलाधार बारिश की चेतावनी

Bihar/Sikkim : बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से बिहार से लेकर सिक्किम तक मूसलाधार बारिश का खतरा बढ़ गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिससे आने वाले कुछ द

Bihar/Sikkim : बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से बिहार से लेकर सिक्किम तक मूसलाधार बारिश का खतरा बढ़ गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिससे आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को बारिश और खराब मौसम का सामना करना पड़ेगा।

IMD के मुताबिक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18 और 19 जुलाई को कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। बिहार में 18 से 22 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय और छत्तीसगढ़ में भी जोरदार बारिश होने के आसार हैं। अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और विदर्भ के इलाकों में भी भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।

राजधानी दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो शनिवार और रविवार को गरज के साथ बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, दिल्ली में फिलहाल बहुत ज्यादा बारिश की उम्मीद नहीं है और उमस बनी रहेगी, लेकिन 20 जुलाई के बाद मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 18 से 24 जुलाई तक व्यापक वर्षा की संभावना है, जबकि विदर्भ में 18 से 20 जुलाई तक बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश के साथ 40 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मिट्टी धंसने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों को नदी के पास और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही, किसानों को खेतों में पानी की निकासी का सही इंतजाम करने और अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है।