Delhi, UP, Bihar समेत 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने दी आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी
India: देश के 19 राज्यों में अगले 24 से 72 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 60 से 90 किलोमीटर प्रति
India: देश के 19 राज्यों में अगले 24 से 72 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर है कि 25 से 29 जून तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं जाएगा। हालांकि, 26 और 27 जून को गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर, मथुरा, आगरा, झांसी, कानपुर और वाराणसी समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बिहार में 24 से 27 जून के बीच पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गया और भागलपुर जैसे कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और उत्तर बिहार समेत कई जगहों पर बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) की वजह से यह बदलाव हो रहा है। राजस्थान के श्रीगंगानगर, बीकानेर और जयपुर समेत कई जिलों में 25 से 28 जून तक तेज आंधी और बारिश का अनुमान है, जहां हवा की रफ्तार 70-75 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जैसे इलाकों में 25 जून को तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। मुंबई और कोंकण क्षेत्र में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। IMD ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं से पेड़ उखड़ सकते हैं और फसलों को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए किसानों, मछुआरों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।