Telangana: हैदराबाद के गच्चीबोवली इलाके में रहने वाले और वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर है। IIIT जंक्शन पर बन रहे मल्टी-लेवल फ्लाईओवर और अंडरपास प्रोजेक्ट की वजह से 8 अप्रैल 2026 से ट्रैफिक डायवर्जन लागू
Telangana: हैदराबाद के गच्चीबोवली इलाके में रहने वाले और वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर है। IIIT जंक्शन पर बन रहे मल्टी-लेवल फ्लाईओवर और अंडरपास प्रोजेक्ट की वजह से 8 अप्रैल 2026 से ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है। यह व्यवस्था अगले करीब एक साल तक बनी रहने की उम्मीद है। साइबरबाद ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि रोजाना सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक ट्रैफिक की आवाजाही बदले हुए रास्तों से होगी ताकि निर्माण कार्य सुचारू रूप से चल सके।
इन रास्तों का करना होगा इस्तेमाल
- गच्चीबोवली जंक्शन से लिंगमपल्ली जाने वाले लोग अब IIIT जंक्शन से सीधे नहीं जा पाएंगे। उन्हें विप्रो जंक्शन, गौलीदोड्डी और गोपनपल्ली जंक्शन होकर जाना होगा।
- विप्रो जंक्शन और फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट से IIIT जंक्शन आने वाले ट्रैफिक को नानकरामगुड़ा रोटरी 2 की तरफ डायवर्ट किया गया है, जहां से वे आउटर रिंग रोड के रास्ते गच्चीबोवली पहुंच सकते हैं।
- लिंगमपल्ली से गच्चीबोवली और मेहंदीपटनम की ओर जाने वाले वाहनों को मस्जिदबांदा, श्रीराम नगर और बॉटनिकल जंक्शन से होकर गुजरना होगा।
जाम से बचने के लिए पुलिस की तैयारी
ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन यानी GHMC इस जंक्शन को पूरी तरह सिग्नल-फ्री बनाने की कोशिश में है। इस पूरे प्रोजेक्ट को मई 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। खुदाई और निर्माण के दौरान सड़क के दोनों तरफ करीब 2 से 2.5 लेन को चालू रखा जाएगा ताकि गाड़ियां पूरी तरह न रुकें। काम के दौरान मुख्य जंक्शन से ट्रैफिक सिग्नल हटा दिए गए हैं, इसलिए वाहन चालकों को छोटे यू-टर्न और थोड़े लंबे रास्तों का सामना करना पड़ेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इन बदलावों को ध्यान में रखकर ही घर से बाहर निकलें।