Hardoi में जमीन विवाद में किसान को मारी गोली, गंभीर हालत में KGMU रेफर
Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में जमीन के एक टुकड़े के लिए खूनी संघर्ष हुआ है। बेनीगंज कोतवाली इलाके में एक 55 वर्षीय किसान को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल किसान की हालत नाजुक देखते हुए उन्
Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में जमीन के एक टुकड़े के लिए खूनी संघर्ष हुआ है। बेनीगंज कोतवाली इलाके में एक 55 वर्षीय किसान को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल किसान की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) भेज दिया गया है।
यह पूरी घटना रविवार देर शाम धरौली गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि किसान पलविंदर सिंह अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया और सीने में गोली मार दी। घायल के भतीजे परगढ़ सिंह ने बताया कि उन्हें अचानक फायरिंग की आवाज सुनाई दी और जब वे मौके पर पहुंचे तो पलविंदर सिंह खून से लथपथ मिले।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह पूरा विवाद एक एकड़ जमीन को लेकर है। पलविंदर सिंह ने करीब दो साल पहले गांव के ही एक परिवार से यह जमीन खरीदी थी, जिसे लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक मोटरसाइकिल भी मिली है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह और क्षेत्राधिकारी हरियावां लक्ष्मीकांत गौतम समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस तैनात की गई है। पुलिस अब इस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि आरोपियों को पकड़ा जा सके।