Gurgaon में रोड रेज का खौफनाक मामला, ऑटो ड्राइवर को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर मारा, आरोपी गिरफ्तार

Haryana/Gurugram: गुरुग्राम के उद्योग विहार इलाके में रोड रेज के दौरान एक ऑटो ड्राइवर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामूली विवाद के बाद एक टैक्सी ड्राइवर ने ऑटो चालक के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो ग

Haryana/Gurugram: गुरुग्राम के उद्योग विहार इलाके में रोड रेज के दौरान एक ऑटो ड्राइवर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामूली विवाद के बाद एक टैक्सी ड्राइवर ने ऑटो चालक के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना सोमवार, 27 जुलाई 2026 की शाम करीब 8 से 8:30 बजे के बीच उद्योग विहार फेज 5 के पीपल चौक के पास हुई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अरविंद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के तौली गांव का रहने वाला था और गुरुग्राम के झरसा में रह रहा था। हमले के बाद अरविंद को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उसने दम तोड़ दिया।

गुरुग्राम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी ड्राइवर दलीप को दिल्ली के उत्तम नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में दलीप ने कबूल किया कि विवाद के दौरान उसने अरविंद के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया था। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड और उसकी टैक्सी भी बरामद कर ली है।

उद्योग विहार पुलिस स्टेशन में अरविंद के भाई की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ संदीप तुरान ने गिरफ्तारी और बरामदगी की पुष्टि की है।

इस मामले में अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों से बात कर रही है। मृतक के परिवार का आरोप है कि हमले के वक्त आरोपी अकेला नहीं था और वहां मौजूद लोगों ने मदद नहीं की। वहीं, आरोपी के परिवार ने पुलिस के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा है कि हमले में अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात में और कौन-कौन शामिल था।