Ghaziabad में बिना ट्रैफिक रोके बन गया 58 मीटर लंबा मेट्रो ब्रिज, Delhi-Meerut Expressway पर DMRC का कमाल
Ghaziabad: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और NH-9 के ऊपर DMRC ने एक बड़ा इंजीनियरिंग कारनामा किया है। नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन के पास 58.216 मीटर लंबा स्पेशल स्टील स्पैन सफलतापूर्वक लगा दिया गया है। सबसे बड़ी बात य
Ghaziabad: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और NH-9 के ऊपर DMRC ने एक बड़ा इंजीनियरिंग कारनामा किया है। नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन के पास 58.216 मीटर लंबा स्पेशल स्टील स्पैन सफलतापूर्वक लगा दिया गया है। सबसे बड़ी बात यह रही कि इस पूरे काम के दौरान एक्सप्रेसवे और हाईवे पर ट्रैफिक को एक दिन के लिए भी बंद नहीं किया गया।
यह काम 20 जुलाई की दोपहर से शुरू होकर 22 जुलाई की सुबह तक चला। DMRC के कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस के प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुज दयाल ने बताया कि यह प्रोजेक्ट काफी चुनौतीपूर्ण था। इस स्पैन को पियर 384 के पास हाई-टेंशन बिजली की लाइनों के नीचे सेट करना था, जिससे काम और मुश्किल हो गया था। अधिकारियों के मुताबिक, यह पहली बार हुआ है जब किसी चालू एक्सप्रेसवे के ऊपर बिना ट्रैफिक रोके दिल्ली मेट्रो का वायाडक्ट बनाया गया है।
इस काम को पूरा करने के लिए इंजीनियरों ने दिन-रात निगरानी की और बारीकी से प्लानिंग की। हाईवे के ऊपर अस्थायी ट्रस स्ट्रक्चर बनाए गए और खास विंच मशीनरी की मदद से प्रीफैब्रिकेटेड स्टील स्पैन को करीब 14 मीटर की ऊंचाई पर उसकी सही जगह पर खींचा गया।
यह पूरा निर्माण ब्लू लाइन के विस्तार के लिए एक नई रिवर्सल फैसिलिटी का हिस्सा है, जिससे ट्रेनें आसानी से अपनी दिशा बदल सकेंगी और परिचालन बेहतर होगा। इस रिवर्सल फैसिलिटी का सिविल काम साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद ट्रैक बिछाने और बिजली का काम किया जाएगा। इसी साल आने वाले कुछ महीनों में एक और 73 मीटर लंबा स्पैन लगाया जाना है।