Fatehpur में 40 साल पुरानी रोडवेज बस सेवा बंद, 25 गांवों के लोग परेशान, CM तक पहुंचा मामला
Fatehpur/Amouli : फतेहपुर के अमौली विकासखंड क्षेत्र में पिछले दो महीनों से सरकारी रोडवेज बस सेवा बंद होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। चांदपुर-कानपुर-लखनऊ मार्ग पर चलने वाली यह बस सेवा पिछले 40 सालों से लोगों की
Fatehpur/Amouli : फतेहपुर के अमौली विकासखंड क्षेत्र में पिछले दो महीनों से सरकारी रोडवेज बस सेवा बंद होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। चांदपुर-कानपुर-लखनऊ मार्ग पर चलने वाली यह बस सेवा पिछले 40 सालों से लोगों की जीवनरेखा थी, जिसके बंद होने से करीब 25 गांवों के लोग अब आने-जाने के लिए बेहाल हैं।
इस बस सेवा के बंद होने का सबसे ज्यादा असर गौरी, आवाजीपुर, बड़ीगवा, सठिगवा, साल्हेपुर, मकंदीपुर, रामपुर, गांगपुर, बिजौली और अमौली जैसे गांवों के निवासियों पर पड़ा है। ग्रामीण धर्मेंद्र सिंह और अन्य लोगों ने विभागीय अधिकारियों से इसकी शिकायत की है। लोगों का कहना है कि कानपुर और लखनऊ जाने के लिए अब उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि बस सेवा परमिट न होने की वजह से बंद की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग ने परमिट के लिए आवेदन कर दिया है और जैसे ही परमिट मिल जाएगा, बस का संचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र सिंह ने बताया कि यह बस किदवई नगर डिपो से संबंधित है, इसलिए यह उनके कार्यक्षेत्र में नहीं आता।
बस सेवा बहाल कराने के लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मदद मांगी है। साथ ही ग्रामीणों ने यह चेतावनी भी दी है कि अगर जल्द ही बस सेवा शुरू नहीं हुई, तो वे जिलाधिकारी (DM) को ज्ञापन सौंपकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे।