Lucknow में फर्जी IPS गिरफ्तार, 40 रुपये के ब्रेड पैकेट के लिए दुकानदार को धमकाया
Lucknow: राजधानी लखनऊ के महानगर इलाके में खुद को IPS अधिकारी बताकर रौब झाड़ने वाला एक शख्स पुलिस की गिरफ्त में है। मामला तब खुला जब एक मामूली से ब्रेड पैकेट के भुगतान को लेकर दुकानदार और इस व्यक्ति के बीच विवाद हो गया। ख
Lucknow: राजधानी लखनऊ के महानगर इलाके में खुद को IPS अधिकारी बताकर रौब झाड़ने वाला एक शख्स पुलिस की गिरफ्त में है। मामला तब खुला जब एक मामूली से ब्रेड पैकेट के भुगतान को लेकर दुकानदार और इस व्यक्ति के बीच विवाद हो गया। खुद को नोएडा में तैनात बड़ा अफसर बताने वाला यह व्यक्ति अंत में पुलिस के सामने बेनकाब हो गया।
यह पूरी घटना गोले मार्केट चौराहे की है, जहां वीरू गुप्ता नाम के एक चाय दुकानदार के यहां से मिथिलेश शुक्ला ने 40 रुपये का ब्रेड पैकेट लिया था। जब दुकानदार ने पैसे मांगे, तो मिथिलेश ने पैसे देने के बजाय खुद को नोएडा का IPS अधिकारी बताया और दुकानदार को धमकाना शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर महानगर पुलिस स्टेशन की टीम, जिसमें सब-इंस्पेक्टर आर्यन शर्मा शामिल थे, मौके पर पहुंची।
पुलिस के आने पर मिथिलेश शुक्ला का रौब और बढ़ गया। उसने पुलिसकर्मियों को टोका कि उन्होंने टोपी क्यों नहीं पहनी है और उनसे सैल्यूट की मांग करने लगा। जब पुलिस ने उससे उसकी पहचान और आईडी कार्ड मांगा, तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा पाया। शक होने पर जब पुलिस ने पूछताछ की, तो उसने कबूल किया कि वह कोई IPS अधिकारी नहीं है।
जांच में पता चला कि 40 साल का मिथिलेश शुक्ला लखनऊ के सीतापुर रोड स्थित भारत नगर का रहने वाला है। वह असल में नोएडा के सेक्टर-18 में एक इलेक्ट्रॉनिक्स MNC (सैमसंग) में अकाउंट एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करता है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
महानगर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 (लोक सेवक पर हमला), 221 (कर्तव्य में बाधा डालना) और 204 (लोक सेवक का फर्जी रूप धारण करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के बड़े दावों पर भरोसा करने से पहले उसकी पहचान की सही जांच जरूर करें।