Lucknow में 40 रुपये के बन-मक्खन के लिए फर्जी IPS ने दुकानदार को धमकाया, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Lucknow: राजधानी लखनऊ के गोल मार्केट इलाके में एक शख्स ने खुद को IPS अधिकारी बताकर एक दुकानदार और पुलिसकर्मियों को जमकर धमकाया। यह पूरा मामला सिर्फ 40 रुपये के बन-मक्खन और कुछ पैकेटों के पेमेंट को लेकर शुरू हुआ, जिसका वी
Lucknow: राजधानी लखनऊ के गोल मार्केट इलाके में एक शख्स ने खुद को IPS अधिकारी बताकर एक दुकानदार और पुलिसकर्मियों को जमकर धमकाया। यह पूरा मामला सिर्फ 40 रुपये के बन-मक्खन और कुछ पैकेटों के पेमेंट को लेकर शुरू हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 13 जून 2026 की रात की है, जब गोल मार्केट क्रॉसिंग पर स्थित वीरू गुप्ता की चाय की दुकान पर एक लाल गाड़ी से चार लोग आए। उन्होंने वहां बन-मक्खन खाया और साथ ही चार पैकेट बन अपनी कार में रख लिए। जब दुकानदार ने पेमेंट के लिए एक लड़के को भेजा, तो आरोपी शख्स गाली-गलौज करने लगा और दावा किया कि वह नोएडा में तैनात एक IPS अधिकारी है।
सूचना मिलने पर मौके पर महानगर थाने के दरोगा आर्यन शर्मा और अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। वहां भी आरोपी का रौब कम नहीं हुआ और उसने पुलिसकर्मियों को यह कहकर फटकारा कि उन्होंने उसे सैल्यूट क्यों नहीं किया। उसने अनुशासनहीनता का आरोप लगाते हुए पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कराने की धमकी भी दी। हालांकि, जब पुलिस ने उससे पहचान पत्र (ID Card) मांगा, तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा पाया और उसकी पोल खुल गई।
पुलिस ने जांच में पाया कि गिरफ्तार व्यक्ति का नाम मिथिलेश शुक्ला है, जो लखनऊ के भारतनगर कॉलोनी का रहने वाला है। वह असल में नोएडा सेक्टर-18 की एक मोबाइल शॉप (सैमसंग कंपनी) में अकाउंट एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करता है। ACP महानगर अंकित कुमार ने बताया कि शुक्ला अक्सर लोगों को डराने के लिए फर्जी IPS की पहचान का इस्तेमाल करता था।
महानगर पुलिस ने मिथिलेश शुक्ला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 (सरकारी काम में बाधा), धारा 221 (सरकारी कर्मचारी पर हमला या प्रयास) और धारा 204 (सरकारी कर्मचारी का रूप धारण करना) के तहत मामला दर्ज किया है। इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्रा ने पुष्टि की कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि उसने पहले भी इस तरह की धोखाधड़ी की है या नहीं।