Bihar के खगड़िया में फर्जी IAS गिरफ्तार, करोड़ों की Tesla और Tata Safari समेत विदेशी शराब बरामद

खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जो खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों को ठग रहा था। आरोपी मनीष कुमार उर्फ चिक्कू ने न केवल सरकारी अफसर बनकर रौब जमाया, बल्कि खुद को NSA अजीत डोभाल क

खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जो खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों को ठग रहा था। आरोपी मनीष कुमार उर्फ चिक्कू ने न केवल सरकारी अफसर बनकर रौब जमाया, बल्कि खुद को NSA अजीत डोभाल का अंडरकवर एजेंट तक बता दिया था। पुलिस ने इस मामले में छापेमारी कर आरोपी के पास से करोड़ों की लग्जरी गाड़ियां और विदेशी शराब बरामद की है।

यह पूरी कार्रवाई खगड़िया पुलिस, जिला जांच इकाई (DIU) और स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त टीम ने की। आरोपी मनीष कुमार गुप्ता गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार के वार्ड नंबर 31 का रहने वाला है। वह गोगरी केडीएस कॉलेज के दिवंगत प्रोफेसर परमेश्वर गुप्ता का सबसे छोटा बेटा है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मनीष लोगों को गुमराह कर धोखाधड़ी कर रहा है, जिसके बाद शनिवार को उसे दबोच लिया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से कई चौंकाने वाली चीजें मिलीं। उसके पास ‘भारत सरकार’ लिखे दो महंगे वाहन थे, जिनमें एक ड्राइवरलेस Tesla (Model Y) और एक Tata Safari शामिल है। टेस्ला कार की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा, पुलिस ने एक लाख रुपये से ज्यादा कीमत वाली विदेशी शराब की बोतलें, संदिग्ध आईडी कार्ड, लैपटॉप, कंप्यूटर और कई एटीएम कार्ड भी जब्त किए हैं। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने अपने घर की बाहरी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 100 सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे।

पुलिस को घर से बारहसिंगा के सींग और एक मूर्ति भी मिली है। गोगरी एसडीपीओ चंदन कुमार ठाकुर ने साफ किया कि मनीष के पास अधिकारी होने का कोई सबूत नहीं मिला है। वहीं खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी ने करोड़ों की संपत्ति जमा कर ली थी और वह कई वरिष्ठ अधिकारियों से अपने संबंध होने का दावा करता था। फिलहाल पुलिस जब्त किए गए वाहनों के कागजात की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने बिहार के और किन जिलों में लोगों को ठगा है।