Dubai में अब ऐप से कर सकेंगे आवारा बिल्लियों की मदद, 10 दिरहम से शुरू होगी डोनेशन

World : दुबई के लोग अब अपने स्मार्टफोन से ही शहर की आवारा बिल्लियों के खाने और पानी का इंतजाम कर सकेंगे। दुबई नगर पालिका ने इसके लिए ‘एहसान फीडिंग स्टेशन्स’ नाम की एक खास सर्विस शुरू की है। अब लोग DubaiNow ऐप

World : दुबई के लोग अब अपने स्मार्टफोन से ही शहर की आवारा बिल्लियों के खाने और पानी का इंतजाम कर सकेंगे। दुबई नगर पालिका ने इसके लिए ‘एहसान फीडिंग स्टेशन्स’ नाम की एक खास सर्विस शुरू की है। अब लोग DubaiNow ऐप के जरिए मामूली रकम दान करके इन बेजुबान जानवरों की मदद कर सकते हैं।

इस डिजिटल पहल की शुरुआत 30 जुलाई 2026 को हुई। इसके तहत कोई भी व्यक्ति कम से कम 10 AED (दिरहम) दान कर सकता है। यह पैसा शहर में लगे AI आधारित स्मार्ट फीडिंग स्टेशन्स को चलाने में काम आएगा। इन मशीनों में सेंसर लगे हैं जो बिल्लियों को पहचान कर उन्हें खाना और पानी देती हैं। ये स्टेशन पूरी तरह सोलर एनर्जी से चलते हैं और इनमें खाने के लेवल की निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।

दान करने की प्रक्रिया बहुत आसान है। लोगों को अपने UAE Pass अकाउंट से लॉगिन करना होगा और ऐप में सेव क्रेडिट या डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करना होगा। पेमेंट सफल होने के बाद यूजर को SMS के जरिए इसकी जानकारी मिल जाएगी। फिलहाल दुबई के पब्लिक पार्कों और दुबई होल्डिंग की जगहों समेत रणनीतिक स्थानों पर ऐसे 12 स्टेशन लगाए गए हैं। एक अनुमान के मुताबिक, हर स्टेशन से रोजाना 200 से 300 बिल्लियों को भोजन मिलता है।

दुबई नगर पालिका की पर्यावरण, स्वास्थ्य और सुरक्षा एजेंसी के एक्टिंग सीईओ डॉ. नसीम मोहम्मद रफी ने बताया कि यह कदम जानवरों के कल्याण और पारिस्थितिक संतुलन के लिए उठाया गया है। इससे सड़कों पर इधर-उधर खाना डालने की आदत कम होगी और व्यवस्था बनी रहेगी। इसके साथ ही, 29 और 30 जुलाई 2026 को वरसान के बर्ड्स एंड पेट्स मार्केट में एक नया एनिमल वेलफेयर शेल्टर भी खोला गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें आवारा जानवरों से जुड़ी कोई समस्या दिखे, तो वे हेल्पलाईन नंबर 800900 पर संपर्क करें।