Bihar: DMCH के डॉक्टरों ने महिला के स्तन से निकाला 10 किलो का ट्यूमर, 4 घंटे चले ऑपरेशन के बाद मिली नई जिंदगी
Bihar: दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) के डॉक्टरों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। अस्पताल के सर्जरी विभाग ने एक महिला मरीज के बाएं स्तन से करीब 10 किलोग्राम वजनी फाइलोड्स ट्यूमर को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया है।
Bihar: दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) के डॉक्टरों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। अस्पताल के सर्जरी विभाग ने एक महिला मरीज के बाएं स्तन से करीब 10 किलोग्राम वजनी फाइलोड्स ट्यूमर को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया है। यह ऑपरेशन काफी जटिल था और इसे पूरा करने में डॉक्टरों की टीम को लगभग 4 घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
यह पूरा ऑपरेशन डॉ. ए. के. झा के मार्गदर्शन में किया गया। सर्जरी टीम में डॉ. प्रियंका यादव, डॉ. मंजरी सिंह, डॉ. अनीता, डॉ. रवि, डॉ. सानू, डॉ. प्रियंका, डॉ. हर्ष, डॉ. विपिन और डॉ. अनन्या जैसे विशेषज्ञ शामिल थे। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत अब स्थिर है और वह डॉक्टरों की निगरानी में है। निकाले गए ट्यूमर को आगे की जांच के लिए लैब में भेजा गया है ताकि उसकी विस्तृत हिस्टोपैथोलॉजिकल रिपोर्ट मिल सके।
इस सफल इलाज के बाद DMCH के डॉक्टरों ने आम लोगों को स्तन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी है। डॉक्टरों ने कहा कि अगर स्तन में किसी भी तरह की गांठ, दर्द या सूजन नजर आए, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और इलाज कराने से गंभीर बीमारियों को भी ठीक किया जा सकता है। इस ऑपरेशन से बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में DMCH की काबिलियत और विशेषज्ञता एक बार फिर सामने आई है।