Delhi में बारिश और तेज हवाओं से मिलेगी गर्मी से राहत, IMD ने जताया तापमान गिरने का अनुमान
Delhi: राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से लोग भीषण गर्मी से परेशान थे, लेकिन अब मौसम बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक आज दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस
Delhi: राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से लोग भीषण गर्मी से परेशान थे, लेकिन अब मौसम बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक आज दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने से लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि 22 जून को दिन के समय गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहेगी, जो कुछ जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। सुबह और शाम के वक्त तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे वातावरण में ठंडक आएगी।
तापमान की बात करें तो रविवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से ज्यादा था। अब अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आने की उम्मीद है। IMD के अनुसार अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
आने वाले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है। हालांकि, अगले 48 घंटों में तापमान में थोड़ा उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है, जिसमें पहले गिरावट और फिर हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल बारिश और तेज हवाओं ने दिल्लीवासियों को गर्मी से निजात दिलाने की उम्मीद जगा दी है।