Delhi: दिल्ली में बुधवार 8 अप्रैल को मौसम ने एक नया रिकॉर्ड बनाया और यह पिछले 11 सालों में अप्रैल का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजधानी में घने बादल छाए रहे और हल्की बारिश के साथ तेज ह
Delhi: दिल्ली में बुधवार 8 अप्रैल को मौसम ने एक नया रिकॉर्ड बनाया और यह पिछले 11 सालों में अप्रैल का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजधानी में घने बादल छाए रहे और हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं. सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि इस बदलाव के पीछे जेट स्ट्रीम और अरब सागर से आने वाली नमी का बड़ा हाथ था.
दिल्ली में बुधवार को कितना दर्ज हुआ तापमान
8 अप्रैल 2026 को दिल्ली का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक यह पिछले 11 वर्षों में इस महीने का सबसे कम तापमान है. मंगलवार को भी मौसम विभाग ने नारंगी अलर्ट जारी किया था और बुधवार के लिए पीला अलर्ट दिया गया था. तेज हवाओं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की वजह से दिल्ली की हवा भी साफ हुई है और वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 93 के साथ संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गया है.
अगले कुछ दिनों में कितनी बढ़ेगी गर्मी
IMD के वैज्ञानिक डॉ. अखिल श्रीवास्तव के अनुसार मौसम में यह बदलाव कुछ ही समय के लिए था. शुक्रवार 10 अप्रैल से तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी. अनुमान है कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. शुक्रवार और शनिवार को आसमान बिल्कुल साफ रहने की उम्मीद है जिससे पारा 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि 11 अप्रैल से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है जिससे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में फिर से बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को घर से बाहर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की सलाह दी है.