Delhi, UP और Uttarakhand में मानसून की दस्तक, 4 जुलाई तक भारी बारिश के लिए IMD का अलर्ट
Delhi: दिल्ली के लोग भीषण गर्मी और उमस से बेहाल हैं और बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और स्काईमेट के मुताबिक, 4 जुलाई के आसपास दिल्ली में मानसून के पहुंचने की पूरी संभावना है। अगले
Delhi: दिल्ली के लोग भीषण गर्मी और उमस से बेहाल हैं और बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और स्काईमेट के मुताबिक, 4 जुलाई के आसपास दिल्ली में मानसून के पहुंचने की पूरी संभावना है। अगले 5-6 दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम बदलने के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
दिल्ली में 29 जून, 1 जुलाई और 2 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 1 और 2 जुलाई के लिए तेज हवाओं और बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। अनुमान है कि 2 जुलाई तक अधिकतम तापमान गिरकर 34-36 डिग्री सेल्सियस और 4 जुलाई तक यह 33-35 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। स्काईमेट के अनुसार, पाकिस्तान से आने वाली शुष्क हवाओं और अरब सागर की नमी वाली हवाओं के टकराव की वजह से बारिश में देरी हो रही है।
उत्तर प्रदेश के लिए भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। राज्य में 30 जून से मानसूनी गतिविधियां तेज हो सकती हैं। पश्चिमी यूपी में 3 और 4 जुलाई को बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में 30 जून और 4 जुलाई को बारिश के आसार हैं। कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, हालांकि 29 जून तक कुछ इलाकों में लू चलने की चेतावनी भी दी गई है।
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी मानसून के पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। पहाड़ी जिलों के लिए 2 जुलाई तक ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में 29 जून को भारी बारिश हो सकती है, जबकि 2 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना है। पहाड़ों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।