Delhi, UP, Bihar समेत 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में लू के बाद अब बदलेगा मौसम
Delhi: दिल्ली-NCR के लोगों के लिए राहत की खबर है क्योंकि आने वाले कुछ दिनों में मौसम बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 19 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी
Delhi: दिल्ली-NCR के लोगों के लिए राहत की खबर है क्योंकि आने वाले कुछ दिनों में मौसम बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 19 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश और बिहार में झमाझम बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से छुटकारा मिल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज दिल्ली-NCR में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम के समय बिजली कड़कने और आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29-31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मंगलवार और बुधवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की गिरावट आने की उम्मीद है। इन दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मानसून की बात करें तो इस साल दिल्ली में इसकी दस्तक में देरी हो रही है। आमतौर पर मानसून 27-28 जून तक आ जाता है, लेकिन इस बार स्काईमेट वेदर और IMD के अनुसार यह 30 जून से 4 जुलाई के बीच पहुंच सकता है। 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे बारिश की स्थिति बनेगी। वहीं हिमाचल प्रदेश में 30 जून से 4 जुलाई तक 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के लोग भीषण उमस और लू से परेशान हैं। रविवार को दिल्ली में इस सीजन की पहली लू दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी ज्यादा होने की वजह से ‘रियल फील’ तापमान 51.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो आम लोगों के लिए काफी कष्टदायक रहा। पाकिस्तान से आने वाली सूखी हवाओं और अरब सागर की नमी वाली हवाओं के टकराव की वजह से मानसून की रफ्तार धीमी हुई है।
इसके अलावा, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक में भी तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। समुद्र तटीय इलाकों में मछुआरों को पानी में न जाने की सलाह दी गई है। दिल्ली की हवा की बात करें तो CPCB के अनुसार वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 140 से 168 के बीच है, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।