Delhi में राशन दुकान लाइसेंस के नियम बदले, 70 साल से ज्यादा उम्र वालों के लाइसेंस होंगे रद्द

Delhi: दिल्ली सरकार ने राशन दुकानों के लाइसेंस को लेकर बड़े बदलाव किए हैं। अब 70 साल से अधिक उम्र के कोटा धारकों के लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे। उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद ये नए नियम लागू किए गए हैं, ताकि राशन वितरण प्रण

Delhi: दिल्ली सरकार ने राशन दुकानों के लाइसेंस को लेकर बड़े बदलाव किए हैं। अब 70 साल से अधिक उम्र के कोटा धारकों के लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे। उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद ये नए नियम लागू किए गए हैं, ताकि राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाई जा सके।

नए नियमों के मुताबिक, अब राशन दुकान का लाइसेंस लेने के लिए न्यूनतम आयु 21 साल और अधिकतम आयु 60 साल तय की गई है। हालांकि, महिलाओं और पूर्व सैनिकों को उम्र की इस सीमा में पांच साल की अतिरिक्त छूट मिलेगी। अब लाइसेंस जीवन में केवल एक बार जारी होगा और इसका नवीनीकरण भी सिर्फ एक बार ही किया जा सकेगा, जबकि पहले यह हर चार साल में होता था।

लाइसेंस के लिए पढ़ाई-लिखाई की शर्त भी जोड़ी गई है। नए आवेदकों का 12वीं पास होना जरूरी है। जुलाई 2015 के बाद नियुक्त लोगों के लिए 10वीं पास होना अनिवार्य है, जबकि इससे पहले वालों के लिए यह शर्त नहीं होगी। अब लाइसेंस किसी रिश्तेदार या पार्टनर के नाम पर ट्रांसफर नहीं किया जा सकेगा।

विवरण नियम/राशि
धरोहर राशि (Security Deposit) 50,000 से 1 लाख रुपये
नया लाइसेंस शुल्क (आजीवन) 10,000 रुपये
पुराने लाइसेंस धारकों का शुल्क 5,000 रुपये (12 महीने के भीतर)
छोटी गड़बड़ी पर जुर्माना 2,000 रुपये
बड़ी गड़बड़ी पर जुर्माना 10,000 रुपये और लाइसेंस निलंबन
100 किलो से ज्यादा खाद्यान्न की कमी पूरी धरोहर जब्त, लाइसेंस निलंबित और FIR

खाद्य और आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और बार-बार गलती करने वालों को ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है। लाइसेंस निलंबित होने की स्थिति में 30 दिन के भीतर अपील की जा सकती है।

इसके अलावा, दिल्ली सरकार ने राशन कार्ड के लिए वार्षिक आय सीमा 1.2 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये कर दी है। पात्रता नियमों के उल्लंघन के कारण अब तक 1.79 लाख से ज्यादा राशन कार्ड रद्द किए जा चुके हैं, जिससे करीब 7.45 लाख लोग इस प्रणाली से बाहर हो गए हैं। सरकार अब ‘स्मार्ट-पीडीएस’ प्रोजेक्ट लागू करने और 2 लाख नए राशन कार्ड जारी करने की तैयारी में है।