Delhi की सड़कों पर लगेंगे QR कोड, अब स्कैन करके कर सकेंगे गड्ढों की शिकायत
Delhi: दिल्ली सरकार के Public Works Department (PWD) ने शहर की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए ‘नो योर रोड’ (Know Your Road) प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस योजना के तहत दिल्ली की सड़कों पर QR कोड लगाए जाएंगे, जिन्हे
Delhi: दिल्ली सरकार के Public Works Department (PWD) ने शहर की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए ‘नो योर रोड’ (Know Your Road) प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस योजना के तहत दिल्ली की सड़कों पर QR कोड लगाए जाएंगे, जिन्हें स्कैन करके आम लोग सड़क की हालत और गड्ढों की शिकायत सीधे ऑनलाइन दर्ज कर पाएंगे।
PWD मंत्री परवेश साहिब सिंह ने इस पहल की घोषणा की थी। इस प्रोजेक्ट के जरिए दिल्ली के लगभग 1,400 किलोमीटर लंबे PWD रोड नेटवर्क को कवर किया जाएगा। इसके लिए करीब 96 लाख रुपये का बजट तय किया गया है, जिससे सिस्टम को लागू करने और उसके रखरखाव का काम होगा। सड़कों के किनारे लगे साइनबोर्ड्स पर लगभग 2,500 QR कोड लगाए जाएंगे।
अब नागरिकों को किसी अलग मोबाइल ऐप को डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी। स्मार्टफोन से QR कोड स्कैन करते ही सड़क से जुड़ी सारी जानकारी मिल जाएगी। इसमें सड़क कब बनी थी, उसकी मेंटेनेंस का रिकॉर्ड क्या है, ठेकेदार कौन है और जिम्मेदार इंजीनियर कौन है, यह सब देखा जा सकेगा। अगर सड़क पर गड्ढे हैं या सड़क खराब है, तो नागरिक सीधे पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
इस पूरे प्रोजेक्ट को चरणों में लागू किया जा रहा है। पहले 5 सड़कों पर पायलट प्रोजेक्ट चलाया गया, जिसके बाद इसे 100 सड़कों तक ले जाया जाएगा और फिर पूरे शहर में लागू किया जाएगा। बिड प्रक्रिया पूरी होने के 60 दिनों के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य है। आम जनता की सुविधा के लिए यह पोर्टल हिंदी, पंजाबी और अंग्रेजी भाषाओं में उपलब्ध होगा। अगर कोई QR कोड खराब पाया गया, तो एजेंसी उसे तुरंत बदलेगी।