Delhi में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 करोड़ की चरस के साथ 3 नेपाली तस्कर गिरफ्तार
Delhi: दक्षिण दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने ड्रग तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कोटला मुबारकपुर इलाके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से करीब 9 करोड़ रुपये की चरस बरामद हुई है।
Delhi: दक्षिण दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने ड्रग तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कोटला मुबारकपुर इलाके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से करीब 9 करोड़ रुपये की चरस बरामद हुई है। यह पूरी कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस टीम को खबर मिली थी कि कोटला मुबारकपुर के इलाके में कुछ नेपाली नागरिक रह रहे हैं जो ड्रग्स की तस्करी के काम में शामिल हैं। इस जानकारी के बाद पुलिस ने तुरंत छापेमारी की और तीन आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से लगभग 8.6 किलो चरस मिली, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 9 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जांच में पता चला कि ये तस्कर भारत-नेपाल बॉर्डर के रास्ते चरस भारत लाते थे। यहां से वे अलग-अलग राज्यों में इस नशीले पदार्थ की सप्लाई करते थे। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से ड्रग माफियाओं के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।