Delhi-Noida बॉर्डर पर भारी जाम, DND और चिल्ला बॉर्डर पर रेंग रहे वाहन, कई रूट डायवर्ट
Delhi/Noida: सोमवार सुबह से ही नोएडा से दिल्ली जाने वाले रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम देखा गया है। दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट (DND) फ्लाईवे और चिल्ला बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं, जिससे ऑफिस जाने वाले लोगों को काफी
Delhi/Noida: सोमवार सुबह से ही नोएडा से दिल्ली जाने वाले रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम देखा गया है। दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट (DND) फ्लाईवे और चिल्ला बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं, जिससे ऑफिस जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। सुरक्षा कारणों से दिल्ली के कई रूटों को डायवर्ट किया गया है।
जाम की मुख्य वजह संसद का मानसून सत्र और जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा ‘चलो संसद’ मार्च का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी वजह से ट्रैफिक पर बुरा असर पड़ा है। दिल्ली और नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और प्रभावित रास्तों से बचने की कोशिश करें।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सेंट्रल दिल्ली के कई प्रमुख रास्तों जैसे रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आजाद रोड, रायसीना रोड और पार्लियामेंट स्ट्रीट पर ट्रैफिक बंद या प्रभावित रहेगा। विजय चौक, पटेल चौक और जलेबी चौक जैसे राउंडअबाउट पर भी जाम की स्थिति बनी रह सकती है।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक रास्तों में जनपथ, मान सिंह रोड, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग और कनॉट प्लेस का बाहरी सर्किल शामिल है। पुलिस ने लोगों को संभव हो तो मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट जैसे कई मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं।
न्यू दिल्ली जिले में धारा 163 BNSS लागू है, जिसके तहत पांच या अधिक लोगों के जमा होने या प्रदर्शन करने पर रोक है। डीसीपी सचिन शर्मा ने लोगों से जंतर-मंतर की तरफ न आने की अपील की है। प्रशासन ने साफ किया है कि CJP के मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है।