Delhi-NCR में बारिश का Yellow Alert, 4 अगस्त तक मौसम में बदलाव की संभावना

Delhi: दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए अगले कुछ दिन बारिश और उमस भरे रहने वाले हैं। मौसम विभाग (IMD) ने 30 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई गई ह

Delhi: दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए अगले कुछ दिन बारिश और उमस भरे रहने वाले हैं। मौसम विभाग (IMD) ने 30 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। दिल्ली में बारिश रुकते ही उमस काफी बढ़ गई है और हीट इंडेक्स 46 डिग्री के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों को काफी बेचैनी महसूस हो रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 30 जुलाई को दिन भर बादल छाए रहेंगे और बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। यह सिलसिला यहीं नहीं रुकेगा, बल्कि 31 जुलाई से 4 अगस्त तक भी हल्की बारिश होने की उम्मीद है। इस मौसम की वजह से सड़कों पर जलभराव, ट्रैफिक जाम और विजिबिलिटी कम होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जिससे आम जनता को आने-जाने में दिक्कत आएगी।

तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 33 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। हवा में नमी यानी ह्यूमिडिटी 80 से 95 प्रतिशत तक जा सकती है। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में भी बारिश होगी, जबकि गुरुग्राम और फरीदाबाद के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण 1 अगस्त तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।

बीते 29 जुलाई को दिल्ली में साल का सबसे ज्यादा बारिश वाला दिन रहा, जिसने पिछले तीन सालों के जुलाई महीने के रिकॉर्ड तोड़ दिए। सफदरजंग में 57.6 mm और पूसा में 88.5 mm बारिश दर्ज की गई थी। इस भारी बारिश के कारण शहर में कई जगह पानी भरा था, पेड़ गिरे थे और बिजली गुल हो गई थी। हालांकि, अच्छी बारिश के बाद दिल्ली की हवा अब संतोषजनक श्रेणी में है और AQI 71 दर्ज किया गया है।