Delhi, NCR में भारी बारिश से गर्मी से मिली राहत, लेकिन जलभराव और ट्रैफिक जाम ने बढ़ाई मुसीबत

Delhi: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 7 और 8 जुलाई को हुई जोरदार बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से तो निजात दिलाई, लेकिन शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। एक तरफ इंडिया गेट और लुटियंस दिल्ली का नजारा बेहद खूबसूरत दिख

Delhi: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 7 और 8 जुलाई को हुई जोरदार बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से तो निजात दिलाई, लेकिन शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। एक तरफ इंडिया गेट और लुटियंस दिल्ली का नजारा बेहद खूबसूरत दिखा, वहीं दूसरी तरफ कई इलाकों में पानी भरने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। ट्रैफिक जाम और सड़कों पर जलभराव की वजह से आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग (IMD) ने 7 जुलाई को दिल्ली के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया था, जिसे बाद में उत्तर दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए ‘रेड अलर्ट’ में बदल दिया गया। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश हुई। IMD ने 7, 8 और 9 जुलाई के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। उम्मीद है कि 10 और 11 जुलाई को अलर्ट को घटाकर ‘ग्रीन’ कर दिया जाएगा।

बारिश का सबसे बुरा असर गुरुग्राम में देखने को मिला। NH-48 पर सड़क धंसने और भारी जलभराव के कारण करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हालात इतने खराब थे कि गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट कर्मचारियों को 8 जुलाई को घर से काम (Work from Home) करने की सलाह दी। वहीं दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भट्टी माइंस में ‘गुरुजी जन्मदिन समारोह’ और बारिश के कारण होने वाले जाम को लेकर एडवाइजरी जारी की, जिससे छत्तरपुर रोड और भट्टी माइंस रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई।

इस बीच प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में एक हाई-लेवल मीटिंग हुई, जिसमें मानसून की प्रगति और अर्थव्यवस्था पर इसके असर की समीक्षा की गई। IMD ने बताया कि जुलाई के पहले हफ्ते में सामान्य से अधिक बारिश हुई है, जिससे देशभर में बारिश की कमी अब घटकर 12% रह गई है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी भारी बारिश से प्रभावित महाराष्ट्र और गुजरात के मुख्यमंत्रियों से बात कर केंद्र की मदद का भरोसा दिया है।