Delhi, Haryana समेत 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया Yellow Alert
Delhi: दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में बुधवार सुबह से बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए बुधवार और गुरुवार को ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक शहर में बारिश, गरज
Delhi: दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में बुधवार सुबह से बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए बुधवार और गुरुवार को ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक शहर में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है लेकिन सड़कों पर मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बुधवार सुबह हुई बारिश के बाद न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। IMD के मुताबिक, दिल्ली में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होगी और हवा की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पालावत ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ और मध्य प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से यह बारिश हो रही है।
भारी बारिश का असर दिल्ली की सड़कों पर साफ दिखा। मंगलवार को दिल्ली में इस साल की सबसे ज्यादा 84 मिमी बारिश हुई, जिससे तापमान में करीब 10 डिग्री की गिरावट आई। इस वजह से NH-48, गीता कॉलोनी रोड, ओल्ड रोहतक रोड और अक्षरधाम-नोएडा कॉरिडोर जैसे मुख्य रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। कई इलाकों में पानी भरने और पेड़ गिरने की खबरें भी आईं।
दिल्ली के साथ-साथ गुरुग्राम में भी हालात खराब रहे, जहां व्यापक जलभराव के कारण यातायात बाधित हुआ। स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट ऑफिसों को सलाह दी है कि वे अपने कर्मचारियों को घर से काम (Work from Home) करने की अनुमति दें ताकि लोग जाम और जलभराव से बच सकें।
मौसम विभाग ने दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कुल 13 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। कुछ इलाकों में हवा की गति 70 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है और बिजली गिरने का भी खतरा है। उम्मीद है कि 10 और 11 जुलाई तक अलर्ट ‘ग्रीन’ में बदल जाएगा, हालांकि आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी जारी रह सकती है।