Delhi-NCR में भारी बारिश का अलर्ट, 26 से 28 जुलाई के बीच होगी तेज वर्षा, IMD ने जारी की चेतावनी
Delhi: दिल्ली और NCR के लोगों के लिए आने वाले कुछ दिन काफी गीले रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने 26 से 28 जुलाई के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश होन
Delhi: दिल्ली और NCR के लोगों के लिए आने वाले कुछ दिन काफी गीले रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने 26 से 28 जुलाई के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 26 जुलाई से मानसून ट्रफ उत्तर की ओर खिसकना शुरू होगी और 28 जुलाई तक यह दिल्ली के उत्तर में पहुंच जाएगी। इस वजह से दिल्ली में मध्यम से भारी बारिश देखने को मिल सकती है। अनुमान है कि 26 से 28 जुलाई के बीच बारिश की तीव्रता और फैलाव दोनों बढ़ेंगे। IMD ने पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी व्यापक वर्षा का अनुमान लगाया है।
बीते 24 घंटों की बात करें तो 22 जुलाई को दिल्ली-NCR में मध्यम से भारी बारिश हुई थी, जिससे तापमान गिरा और लोगों को गर्मी से निजात मिली। हालांकि, कुछ जगहों पर जलभराव की वजह से ट्रैफिक की समस्या भी सामने आई। IMD ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में जुलाई महीने में अब तक 161.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि पूरे महीने का सामान्य औसत 195.8 मिमी रहता है। अगले कुछ दिनों की बारिश के बाद यह आंकड़ा पूरा होने की उम्मीद है। लगातार बादल छाए रहने और रुक-रुक कर होने वाली बारिश की वजह से अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।