Delhi में खुली नाली बनी काल, कार हादसे में नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी और ब्रिगेडियर के बेटे की मौत
Delhi: राजधानी के नांगल देवात इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां एक खुली और पानी से भरी नाली की वजह से 20 साल के यशवेंद्र सिंह की जान चली गई। यशवेंद्र एक नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी थे और भारतीय सेना के एक ब्रिगेडियर क
Delhi: राजधानी के नांगल देवात इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां एक खुली और पानी से भरी नाली की वजह से 20 साल के यशवेंद्र सिंह की जान चली गई। यशवेंद्र एक नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी थे और भारतीय सेना के एक ब्रिगेडियर के बेटे थे। वह अमेरिका में पढ़ाई कर रहे थे और छुट्टियों में भारत आए हुए थे।
यह हादसा शुक्रवार सुबह हुआ जब यशवेंद्र अपनी एक महिला मित्र के साथ कार से लौट रहे थे। बारिश की वजह से सड़क पर काफी फिसलन थी, जिसकी वजह से एक तेज मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर पहले एक पेड़ से टकराई और फिर सीधे खुली नाली में जा गिरी। यशवेंद्र कार के अंदर ही फंस गए और उनकी मौत हो गई, जबकि उनकी दोस्त मामूली चोटों के साथ सुरक्षित बाहर निकल आईं।
मृतक यशवेंद्र सिंह के बारे में जानकारी मिली है कि वह कोलकाता में तैनात एक ब्रिगेडियर के बेटे थे। वह अमेरिका की Indiana University के Kelly School of Business में पढ़ रहे थे और दिल्ली के संस्कृति स्कूल के पूर्व छात्र रहे हैं। वह खेल में भी काफी होनहार थे और नेशनल लेवल पर बास्केटबॉल के स्वर्ण पदक विजेता भी थे।
इस मामले में दिल्ली पुलिस और DDA के बयानों में अंतर दिख रहा है। दिल्ली पुलिस ने शुरुआती तौर पर फिसलन भरी सड़क और मोड़ पर कंट्रोल खोने को हादसे की वजह बताया है। वहीं DDA का कहना है कि कार की रफ्तार तेज थी, इसलिए वह पलट गई। DDA ने यह भी बताया कि इस रोड पर स्पीड ब्रेकर लगाने का प्रस्ताव ट्रैफिक पुलिस ने अव्यवहारिक बताकर खारिज कर दिया था। दूसरी तरफ, स्थानीय लोगों ने DDA पर लापरवाही का आरोप लगाया है और कहा है कि खुले नाले की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन उस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
फिलहाल दिल्ली पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस अब केवल फिसलन वाली थ्योरी पर निर्भर नहीं है, बल्कि कार की स्पीड, मैकेनिकल कंडीशन और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गाड़ी की तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।