Delhi के नरेला में मां के सामने दो भाइयों पर चाकू से हमला, एक की मौत, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Delhi: राजधानी के नरेला इलाके में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां मामूली कहासुनी के बाद 6-7 लड़कों ने दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। यह पूरी घटना उनकी मां और परिवार के अन्य सदस्यों के सामने
Delhi: राजधानी के नरेला इलाके में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां मामूली कहासुनी के बाद 6-7 लड़कों ने दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। यह पूरी घटना उनकी मां और परिवार के अन्य सदस्यों के सामने ही घटी, जिसमें एक भाई की जान चली गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, इस हमले में 32 साल के मोहम्मद मुस्तकीम की मौत हो गई, जबकि उनके 26 साल के भाई मोहम्मद सोहेल गंभीर रूप से घायल हैं। बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) शोभित डी सक्सेना ने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी दिलीप को गिरफ्तार कर लिया है। दिलीप खुद भी इस झगड़े के दौरान घायल हुआ था। इसके अलावा, पुलिस ने दो नाबालिग साथियों को भी हिरासत में लिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नरेला थाना पुलिस, क्राइम टीम और FSL की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। जांच में शरीर पर गोली लगने के कोई निशान नहीं मिले हैं, बल्कि चाकू के गहरे घाव पाए गए हैं। पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके।
पीड़ित परिवार ने इलाके में सक्रिय नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर इस हमले का आरोप लगाया है। परिजनों का यह भी कहना है कि जब उन्होंने भाइयों को बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने पिस्टल तानकर उन्हें गोली मारने की धमकी दी थी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उन्हें अब तक गोलीबारी का कोई सबूत नहीं मिला है।