Delhi में बेकाबू बस ने कई गाड़ियों को रौंदा, एक की मौत और दो गंभीर रूप से घायल

Delhi: राजधानी के नंदनगरी इलाके में बुधवार रात एक निजी बस बेकाबू होकर कई गाड़ियों से टकरा गई। यह हादसा रात करीब 9:30 बजे नंदनगरी बस डिपो के पास हुआ। तेज रफ्तार बस ने पहले एक टैक्सी और फिर तीन मोटरसाइकिल सवारों को अपनी चप

Delhi: राजधानी के नंदनगरी इलाके में बुधवार रात एक निजी बस बेकाबू होकर कई गाड़ियों से टकरा गई। यह हादसा रात करीब 9:30 बजे नंदनगरी बस डिपो के पास हुआ। तेज रफ्तार बस ने पहले एक टैक्सी और फिर तीन मोटरसाइकिल सवारों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

नortheast DCP राहुल अलवल ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और रेस्क्यू टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। हादसे में 27 साल के विनीत नाम के मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई, जिसे GTB अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं रोहित और सूरज नाम के दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज GTB अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया कि बस उत्तर प्रदेश नंबर की थी और नंदनगरी फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय बेकाबू हुई थी। दो मोटरसाइकिलें बस के नीचे दब गई थीं। हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पता लगाया कि बस का रजिस्ट्रेशन गाजियाबाद के प्रशांत कुमार के नाम पर है और यह साल 2014 में खरीदी गई थी।

इस दुर्घटना के कारण नंदनगरी से हर्ष विहार तक करीब 3 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था, जिससे लोगों में काफी गुस्सा देखा गया। पुलिस ने स्थिति को संभाला और यातायात बहाल कराया। फिलहाल नंदनगरी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ या बस में कोई तकनीकी खराबी थी।