Delhi Metro का बड़ा कमाल, बिना ट्रैफिक रोके NH-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर डाला स्टील स्पैन

Delhi/Noida: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने इंजीनियरिंग का एक बड़ा नमूना पेश किया है। ब्लू लाइन के नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन के ठीक बाद NH-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के ऊपर 58 मीटर लंबा एक विशाल स्ट

Delhi/Noida: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने इंजीनियरिंग का एक बड़ा नमूना पेश किया है। ब्लू लाइन के नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन के ठीक बाद NH-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के ऊपर 58 मीटर लंबा एक विशाल स्टील स्पैन सफलतापूर्वक लगाया गया है। सबसे खास बात यह रही कि इस पूरे काम के दौरान नीचे हाईवे और एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक बिल्कुल भी नहीं रोका गया।

मेट्रो ट्रेनों के लिए नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन के बाद एक रिवर्सल फैसिलिटी बनाई जा रही है। इससे ट्रेनें अपनी यात्रा पूरी करने के बाद आसानी से वापस मुड़ सकेंगी। इस प्रोजेक्ट के तहत कुल दो स्पेशल स्टील स्पैन लगाए जाने हैं, जिनमें से एक 58 मीटर और दूसरा 73 मीटर का है। 58.216 मीटर वाला स्पैन पियर 384 और 385 के बीच लगाया जा चुका है, जबकि दूसरा स्पैन इस साल के अगले कुछ महीनों में लगाया जाएगा।

इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए DMRC के इंजीनियरों ने महीनों तक प्लानिंग और डिजाइनिंग की थी। हाईवे पर खास जगह पर ट्रसल्स लगाए गए थे, जिन पर बीम रखे गए। इसके बाद ‘विंच’ नाम की मशीन की मदद से प्री-कास्ट स्टील स्पैन को इंदिरापुरम की तरफ से धीरे-धीरे नोएडा सिटी साइट की ओर खींचा गया। यह स्पैन हाईवे से करीब 14 मीटर की ऊंचाई पर लगाया गया है।

यह काम 20 जुलाई की दोपहर से शुरू होकर 22 जुलाई की सुबह तक लगातार दो दिनों तक दिन-रात चला। इस दौरान ऊपर हाई टेंशन बिजली की लाइन भी चालू थी, जिससे काम और भी चुनौतीपूर्ण हो गया था। DMRC ने बताया कि यह संभवतः पहली बार है जब किसी चालू एक्सप्रेसवे के ऊपर मेट्रो वायाडक्ट बनाया गया है। इस रिवर्सल फैसिलिटी का सिविल काम साल के अंत तक पूरा हो जाएगा, जिसके बाद ट्रैक बिछाने और बिजली का काम शुरू होगा।