Delhi: RML अस्पताल का सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक तैयार फिर भी बंद, हाई कोर्ट ने केंद्र और दिल्ली सरकार से मांगा जवाब

Delhi: दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में बना सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक बनकर तैयार होने के बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। इस मामले को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने सोमवार को केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और अस्पताल प्रशासन को

Delhi: दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में बना सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक बनकर तैयार होने के बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। इस मामले को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने सोमवार को केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और अस्पताल प्रशासन को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने इस बात पर नाराजगी जताई है कि प्रोजेक्ट काफी हद तक पूरा हो चुका है, लेकिन मरीजों के लिए इसे अब तक खोला नहीं गया है।

यह मामला ‘सोशल ज्यूरिस्ट’ नाम की एक संस्था द्वारा दायर जनहित याचिका (PIL) के बाद सामने आया है। याचिका में कहा गया है कि इस ब्लॉक को बनाने में करीब 400 करोड़ रुपये के सरकारी पैसे खर्च हुए हैं। इस नए ब्लॉक में 666 बेड, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और कई खास स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने वाली थीं, जिससे दिल्ली के आम मरीजों को बेहतर इलाज मिल पाता।

कोर्ट ने इस मामले में दिल्ली फायर सर्विसेज को भी पार्टी बनाया है। दरअसल, अस्पताल प्रशासन ने बताया था कि बिल्डिंग का काम पूरा है, लेकिन अंतिम फायर सेफ्टी क्लियरेंस (अग्निशमन विभाग की मंजूरी) मिलने में देरी हो रही है। नियमों के मुताबिक, निर्माण के समय मंजूरी मिल जाती है, लेकिन अस्पताल शुरू करने से पहले ‘ऑक्यूपेंसी क्लियरेंस’ लेना जरूरी होता है।

अस्पताल अधिकारियों ने पहले संकेत दिए थे कि सुविधा जल्द ही शुरू हो जाएगी। इसके अलावा, दिल्ली अर्बन आर्ट कमीशन (DUAC) द्वारा उठाए गए पार्किंग के मुद्दों को भी सुलझा लिया गया है। अब हाई कोर्ट ने सभी संबंधित अधिकारियों से इस मुद्दे पर निर्देश मांगे हैं और अगली सुनवाई 3 अगस्त 2026 को तय की है।