Delhi-Haryana में पुलिस एनकाउंटर, हैरी बॉक्सर गैंग के 2 शूटर ढेर; गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग का भी कनेक्शन आया सामने
Delhi/Haryana: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ ने एक बड़े ऑपरेशन में हैरी बॉक्सर और अनिल पंडित सिंडिकेट के दो इनामी बदमाशों को मार गिराया है। यह मुठभेड़ बहादुरगढ़ में हुई, जिसमें मारे गए बदमाशों की पहचान प्र
Delhi/Haryana: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ ने एक बड़े ऑपरेशन में हैरी बॉक्सर और अनिल पंडित सिंडिकेट के दो इनामी बदमाशों को मार गिराया है। यह मुठभेड़ बहादुरगढ़ में हुई, जिसमें मारे गए बदमाशों की पहचान प्रवेश और हिमांशु के रूप में हुई है। ये दोनों बदमाश हरियाणा पुलिस द्वारा 1-1 लाख रुपये के इनामी थे और हिसार के रहने वाले थे।
इस मुठभेड़ के दौरान दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल अंकित के पैर में गोली लगी है, जिनका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, जब टीम ने बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। हालांकि, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर इस एनकाउंटर को फर्जी बताया है और दावा किया है कि बदमाशों को केरल से उठाया गया था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
जांच में सामने आया है कि यह सिंडिकेट लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करता था। इस गैंग का हाथ दो बड़ी वारदातों में पाया गया है। पहला, 11 जून 2026 को दिल्ली के पश्चिम विहार में पंजाबी सिंगर Guru Randhawa के ’24 HS Fitness’ जिम पर फायरिंग की गई थी। बताया जा रहा है कि यह हमला सलमान खान के साथ रंधावा की नजदीकियों की वजह से किया गया था। दूसरा, 10 या 11 जून को ही हरियाणा के हांसी में जिम ट्रेनर कपिल रेडु की हत्या की गई थी, जिसमें मारे गए दोनों शूटर सीधे तौर पर शामिल थे।
पुलिस ने अब इस गैंग के खिलाफ MCOCA के तहत मामला दर्ज किया है। दिल्ली पुलिस के एडिशनल सीपी प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि इस ऑपरेशन से एक ही दिन हुई दो बड़ी वारदातों की गुत्थी सुलझ गई है। अब पुलिस की नजर गैंग की फंडिंग, हथियारों की सप्लाई और फरार मास्टरमाइंड हरिराम उर्फ हैरी बॉक्सर और अनिल पंडित को पकड़ने पर है। इस पूरे मामले की जांच अब स्थानीय एसडीएम कर रहे हैं और एनएचआरसी भी इस पर रिपोर्ट मांग सकता है।