Delhi के गोविंदपुरी में 10वीं मंजिल की बालकनी से गिरी 4 साल की बच्ची, दर्दनाक हादसे में मौत
Delhi: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। यहाँ आशा किरण अपार्टमेंट की 10वीं मंजिल से एक 4 साल की बच्ची नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब बच्ची घर में अ
Delhi: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। यहाँ आशा किरण अपार्टमेंट की 10वीं मंजिल से एक 4 साल की बच्ची नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब बच्ची घर में अकेली थी और खेल रही थी।
जानकारी के मुताबिक, मृत बच्ची का नाम वंशिका दास था। वह अपने माता-पिता मिथुन दास और रूपा के साथ पॉकेट ए-14, कालकाजी एक्सटेंशन स्थित डीडीए के 14 मंजिला अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 1052 में रहती थी। पुलिस को शनिवार शाम करीब 7 बजे पीसीआर कॉल मिली थी, जिसके बाद बच्ची को तुरंत आइरीन अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
गोविंदपुरी थाना पुलिस, क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुँचकर सबूत जुटाए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि बच्ची की माँ पड़ोस के घर गई हुई थीं। इसी दौरान नींद से जागकर बच्ची बालकनी में पहुँची और संभवतः किसी उपकरण पर चढ़ने की कोशिश में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पड़ोसियों के बयान दर्ज कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि बच्ची बालकनी से गिरी या खिड़की से।
इस हादसे के बाद अपार्टमेंट के निवासियों में काफी गुस्सा और डर है। लोगों का कहना है कि डीडीए द्वारा बनाए गए इन फ्लैटों की बालकनी रेलिंग की ऊंचाई बहुत कम (लगभग तीन फीट) है, जो बच्चों के लिए सुरक्षित नहीं है। स्थानीय निवासी अब प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि सभी बालकनियों की रेलिंग ऊंची कराई जाए। सुरक्षा को देखते हुए कुछ परिवारों ने अपने स्तर पर अलग से ग्रिल लगवा ली हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी साजिश के सबूत नहीं मिले हैं और मामले की बारीकी से जांच जारी है।