Delhi में जनगणना ड्यूटी के दबाव में सरकारी टीचर ने की खुदकुशी की कोशिश, रानी झांसी फ्लाईओवर से कूदे शिक्षक

Delhi: राजधानी दिल्ली के एक सरकारी शिक्षक ने जनगणना ड्यूटी के भारी दबाव के चलते आत्महत्या का प्रयास किया। यह घटना 9 जुलाई, 2026 की शाम करीब 4:30 बजे की है, जब शास्त्री नगर निवासी आनंद कुमार सरोहा ने रानी झांसी फ्लाईओवर स

Delhi: राजधानी दिल्ली के एक सरकारी शिक्षक ने जनगणना ड्यूटी के भारी दबाव के चलते आत्महत्या का प्रयास किया। यह घटना 9 जुलाई, 2026 की शाम करीब 4:30 बजे की है, जब शास्त्री नगर निवासी आनंद कुमार सरोहा ने रानी झांसी फ्लाईओवर से छलांग लगा दी। आनंद कुमार सरोहा सर्वोदय बाल विद्यालय में गणित के शिक्षक हैं और बूथ स्तर के अधिकारी (BLO) सुपरवाइजर के तौर पर तैनात थे।

हादसे के बाद उन्हें तुरंत हिंदू राव अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सेंट स्टीफंस अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनके दोनों हाथों में फ्रैक्चर है और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें शिक्षक ने काम के अत्यधिक बोझ और अपनी बिगड़ती सेहत का जिक्र किया है। नोट में उन्होंने लिखा कि पिछले तीन-चार दिनों से स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।

शिक्षक के परिवार ने अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। उनके जीजा विक्रम सिंह तोमर ने बताया कि आनंद पिछले 10 दिनों से अपने सीनियर अधिकारियों से बात करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने अपनी बीमारी के मेडिकल कागजात भी जमा किए थे, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें स्वीकार करने से मना कर दिया। परिवार का कहना है कि बीमार होने के बावजूद उन्हें काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा था।

पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है और अब मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस टीम सहकर्मियों और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर जनगणना ड्यूटी के दौरान शिक्षकों पर बढ़ते तनाव को सामने ला दिया है। इससे पहले अप्रैल 2026 में भी ऐसी चिंताएं जताई गई थीं, जब ड्यूटी से इनकार करने पर 142 अतिथि शिक्षकों को नौकरी से निकालने की सिफारिश की गई थी।