Delhi में आज से चलेंगी 300 नई इलेक्ट्रिक बसें, 2028 तक पूरा बेड़ा होगा इलेक्ट्रिक

Delhi: दिल्ली के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। शहर की सड़कों पर आज से 300 नई एयर-कंडीशन्ड इलेक्ट्रिक बसें चलने जा रही हैं। इन बसों के आने से दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के पास इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या 5,000 के पार पहु

Delhi: दिल्ली के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। शहर की सड़कों पर आज से 300 नई एयर-कंडीशन्ड इलेक्ट्रिक बसें चलने जा रही हैं। इन बसों के आने से दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के पास इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या 5,000 के पार पहुंच जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दक्षिण दिल्ली के RK पुरम इलाके में इन बसों को हरी झंडी दिखाएंगी और एक नए बस डिपो की नींव भी रखेंगी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे।

दिल्ली सरकार ने सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ‘दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी 2026’ लागू की है। इस नई पॉलिसी के तहत अब DTC और परिवहन विभाग में शामिल होने वाली सभी नई बसें इलेक्ट्रिक ही होंगी। सरकार का लक्ष्य है कि 2028 तक सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह इलेक्ट्रिक कर दिया जाए और 2028-29 तक बसों की कुल संख्या बढ़ाकर 14,000 तक ले जाई जाए।

आम जनता की सुविधा के लिए इन नई लो-फ्लोर बसों में कई खास फीचर्स दिए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए बसों में CCTV कैमरे और पैनिक बटन लगाए गए हैं। साथ ही दिव्यांग यात्रियों के लिए इनमें एक्सेसिबिलिटी रैंप की सुविधा भी दी गई है। परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि दिल्ली और पानीपत के बीच तीन नई इंटर-स्टेट इलेक्ट्रिक बस सेवाएं भी शुरू की गई हैं, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

प्रदूषण कम करने के लिए सरकार ने एक बड़ा प्लान तैयार किया है। इसके तहत 1 जनवरी 2027 से दिल्ली में केवल इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर और N1 कैटेगरी के ट्रक ही रजिस्टर होंगे। इसी तरह 1 अप्रैल 2028 से केवल इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर का रजिस्ट्रेशन होगा। सरकार ने इस पूरे बदलाव के लिए 15,000 करोड़ रुपये का बजट रखा है ताकि 31 मार्च 2030 तक दिल्ली के कुल वाहनों में कम से कम 30 प्रतिशत हिस्सा इलेक्ट्रिक वाहनों का हो।

ईवी खरीदने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार रोड टैक्स में छूट, रजिस्ट्रेशन फीस की माफी और पुरानी गाड़ियों को कबाड़ (scrapping) करने पर इंसेंटिव भी दे रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली पहले से ही देश में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें चलाने वाला राज्य है और PM E-Drive योजना के जरिए बेड़े को और बढ़ाया जाएगा।