Delhi को मिला पहला ऑल विमेन पुलिस स्टेशन, अब महिला पुलिसकर्मी संभालेंगी मोर्चा

Delhi: राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। शहर को अपना पहला ‘ऑल विमेन पुलिस स्टेशन’ मिल गया है, जिसका मकसद महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर लगाम लगाना और उ

Delhi: राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। शहर को अपना पहला ‘ऑल विमेन पुलिस स्टेशन’ मिल गया है, जिसका मकसद महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर लगाम लगाना और उन्हें एक सुरक्षित माहौल देना है।

इस खास पुलिस स्टेशन का उद्घाटन शुक्रवार, 19 जून 2026 को दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने किया। इस मौके पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा भी मौजूद रहे। यह थाना उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी पुलिस स्टेशन परिसर में बनाया गया है। उपराज्यपाल के निर्देशों के बाद इस प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारा गया है ताकि महिलाओं को अपनी शिकायतें दर्ज कराने में आसानी हो और वे बिना किसी हिचकिचाहट के पुलिस के पास आ सकें।

इस थाने की कमान इंस्पेक्टर लक्ष्मी सिंह को सौंपी गई है। यहाँ SHO से लेकर सहायक स्टाफ तक सभी महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। कुल 50 से 60 कर्मियों का स्टाफ यहाँ काम करेगा। हालांकि, छापेमारी या फील्ड ऑपरेशन जैसे जरूरी कामों के लिए जरूरत पड़ने पर कुछ पुरुष अधिकारियों की मदद भी ली जा सकती है।

यह स्टेशन एक सामान्य पुलिस स्टेशन की तरह ही काम करेगा। यहाँ बलात्कार, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, पीछा करना और यौन उत्पीड़न जैसे मामलों के साथ-साथ POCSO एक्ट के तहत आने वाले केस भी दर्ज किए जाएंगे और उनकी जांच होगी। दिल्ली पुलिस की योजना है कि आने वाले समय में शहर के सभी जिलों में इसी तरह के ऑल विमेन पुलिस स्टेशन खोले जाएंगे।