Delhi: राजधानी दिल्ली में घरों और दुकानों में काम करने वाले घरेलू सहायकों (Domestic Helps) का पुलिस वेरिफिकेशन अब और भी जरूरी हो गया है। दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, हर दिन करीब 100 से 125 लोग अपना वेरिफिकेशन करा
Delhi: राजधानी दिल्ली में घरों और दुकानों में काम करने वाले घरेलू सहायकों (Domestic Helps) का पुलिस वेरिफिकेशन अब और भी जरूरी हो गया है। दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, हर दिन करीब 100 से 125 लोग अपना वेरिफिकेशन करा रहे हैं। हाल ही में एक IRS अधिकारी की बेटी के साथ हुई दुखद घटना के बाद पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने और बिना वेरिफिकेशन किसी को काम पर न रखने की सलाह दी है।
नौकर का पुलिस वेरिफिकेशन क्यों जरूरी है?
घर में किसी अनजान व्यक्ति को रखना जोखिम भरा हो सकता है। पुलिस वेरिफिकेशन से व्यक्ति के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का पता चलता है, जिससे चोरी, धोखाधड़ी और हिंसा जैसी घटनाओं को रोका जा सकता है। दिल्ली में 2020 से 2025 के बीच घरेलू सहायकों से जुड़ी चोरी और लूट की 649 घटनाएं सामने आईं, जिनमें 564 गिरफ्तारियां हुईं। वेरिफिकेशन होने से पुलिस के पास रिकॉर्ड रहता है, जिससे किसी भी घटना के बाद आरोपी को पकड़ना आसान होता है।
वेरिफिकेशन के लिए कौन से दस्तावेज चाहिए?
वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए मालिक और नौकर दोनों के कुछ जरूरी कागजात चाहिए होते हैं। इसकी लिस्ट नीचे दी गई है:
- पहचान पत्र: आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस।
- पते का सबूत: दोनों पक्षों के पते का प्रमाण।
- फोटो: घरेलू सहायक की हालिया पासपोर्ट साइज फोटो।
- अन्य: अगर एग्रीमेंट साइन किया है तो उसकी कॉपी और मालिक के घर के मालिकाना हक का सबूत।
- विदेशी नागरिकों के लिए: वैध पासपोर्ट और वीजा अनिवार्य है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन कैसे करें?
दिल्ली पुलिस ने वेरिफिकेशन के लिए दो आसान तरीके दिए हैं। पहला ऑनलाइन तरीका है, जिसमें आपको Delhi Police Citizen Services पोर्टल पर जाकर ‘Domestic Help/Tenant Registration’ चुनना होगा। वहां अपनी और नौकर की जानकारी भरकर फोटो और आईडी अपलोड करनी होगी। दूसरा तरीका ऑफलाइन है, जिसमें आप दिल्ली पुलिस की वेबसाइट से फॉर्म डाउनलोड करके, फोटो लगाकर अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में जमा कर सकते हैं। फॉर्म जमा करने के बाद स्टैम्प लगी रसीद जरूर लें।