Delhi में ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस से जुड़े तार, 2 और आरोपी गिरफ्तार
Delhi: दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है,
Delhi: दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद अब तक कुल 18 लोग पकड़े जा चुके हैं। यह पूरा नेटवर्क भारत में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने और हथियारों की सप्लाई करने के लिए काम कर रहा था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महफूज अली उर्फ बॉबी उर्फ कबूतर (43) और मोहम्मद अहमद (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चेक रिपब्लिक की एक सब-मशीन गन, तीन विदेशी सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 82 कारतूस बरामद किए हैं। जांच में पता चला है कि यह गिरोह हथियारों के पुर्जों को वेल्डिंग मशीनों और गियरबॉक्स के अंदर छिपाकर एयर कार्गो के जरिए नेपाल के काठमांडू भेजता था, जहाँ से उन्हें भारत लाया जाता था।
इस मामले का संबंध पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से भी निकला है। आरोपी महफूज अली पर आरोप है कि उसने 2021 में मूसेवाला मर्डर केस के शूटरों को पंजाब पहुंचाने में मदद की थी। वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए उसने शूटरों के मोबाइल फोन और इंटरनेट डोंगल को दिल्ली की यमुना नदी में फेंक दिया था।
पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क से अब तक कुल 32 आधुनिक विदेशी हथियार और 363 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में FIR नंबर 49/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और UAPA की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है। इस गिरोह में शाहबाज अंसारी, सलीम पिस्टल, हाशिम बाबा, राशिद केबल और जग्गू भगवानपुरिया जैसे अपराधी भी शामिल बताए गए हैं।