Delhi के Connaught Place में पुलिसकर्मियों पर हमला, कई अफसर घायल, RML अस्पताल पहुंचे सीनियर अधिकारी
Delhi: राजधानी के कनॉट प्लेस इलाके में बुधवार रात पत्थरबाजी और हिंसा के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिस अधिकारियों ने अपनी आपबीती दिल्ली पुलिस के बड़े अफसरों को सुनाई है। गुरुवार को स्पेशल कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्ड
Delhi: राजधानी के कनॉट प्लेस इलाके में बुधवार रात पत्थरबाजी और हिंसा के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिस अधिकारियों ने अपनी आपबीती दिल्ली पुलिस के बड़े अफसरों को सुनाई है। गुरुवार को स्पेशल कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) देवेश श्रीवास्तव समेत कई सीनियर अधिकारी RML अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
यह पूरी घटना NEET परीक्षा के पेपर लीक और अन्य मांगों को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)’ के प्रदर्शन से जुड़ी है। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी सामने आए हैं जिनमें भीड़ पुलिसकर्मियों को पीटती दिख रही है और उनके साथी उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने हमलावरों को उपद्रवी बताया है, जिनमें कुछ निहंग सिख भी शामिल थे जो तलवारें लेकर आए थे।
घायलों में कनॉट प्लेस के ACP विवेक भगत और पंजाबी बाग के ACP जय प्रकाश शामिल हैं। इंस्पेक्टर नंद किशोर सिंह ने बताया कि भीड़ ने उनके साथ काफी मारपीट की और इस दौरान उनकी सोने की चेन और बटुआ भी चोरी हो गया। वहीं, कनॉट प्लेस के SHO सुखबीर सिंह मलिक को भी सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने निशाना बनाया था, जिससे उनकी कोहनी और कमर में चोटें आईं।
इसके अलावा एडिशनल DCP संदीप लांबा, इंस्पेक्टर रामपाल गोस्वामी, इंस्पेक्टर रविंदर मलिक, सब-इंस्पेक्टर योगेश, अजय और कांस्टेबल मोहित भी इस हिंसा में घायल हुए। DCP (न्यू दिल्ली) सचिन शर्मा ने बताया कि RAF के जवानों पर हमले के मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सार्वजनिक सेवक के काम में बाधा डालने और हमला करने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किए हैं।
हैरानी की बात यह है कि एडिशनल DCP संदीप लांबा और इंस्पेक्टर रामपाल गोस्वामी जैसे कई अधिकारी मेडिकल रेस्ट की सलाह के बावजूद वापस अपनी ड्यूटी पर लौट आए हैं। DCP नॉर्थ ईस्ट दिल्ली राहुल अलवल ने इन अधिकारियों के जज्बे की तारीफ की है। फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।