Delhi के बवाना में हेलमेट फैक्ट्री में भीषण आग, एक कर्मचारी की मौत, 23 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
Delhi: बाहरी दिल्ली के बवाना इलाके में बुधवार को एक हेलमेट फैक्ट्री में भयानक आग लग गई। इस हादसे में 18 साल के एक कर्मचारी की जान चली गई। आग इतनी भीषण थी कि इसे बुझाने के लिए दमकल विभाग की 23 गाड़ियों को करीब साढ़े चार घ
Delhi: बाहरी दिल्ली के बवाना इलाके में बुधवार को एक हेलमेट फैक्ट्री में भयानक आग लग गई। इस हादसे में 18 साल के एक कर्मचारी की जान चली गई। आग इतनी भीषण थी कि इसे बुझाने के लिए दमकल विभाग की 23 गाड़ियों को करीब साढ़े चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
यह घटना पुठ खुर्द इलाके के डीएसआईडीसी क्षेत्र में स्थित एक चार मंजिला फैक्ट्री में हुई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) को सुबह करीब 9:49 बजे आग की सूचना मिली थी। फैक्ट्री के अंदर हेलमेट बनाने का कच्चा माल और कई तरह के रसायन रखे थे, जिसकी वजह से आग ने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। दोपहर करीब 2:00 बजे जाकर आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
इस हादसे में सुल्तानपुर डबास के रहने वाले आशीष नाम के कर्मचारी की मौत हो गई। वह पिछले कई महीनों से इस फैक्ट्री में काम कर रहा था। बचाव कार्य के दौरान दो दमकलकर्मी मंजीत और कुलजीत भी घायल हो गए। मंजीत धुएं की वजह से बेहोश हो गए थे, जबकि कुलजीत को चोटें आईं।
दमकल विभाग के संभागीय अधिकारी राजेंद्र अटवाल के मुताबिक शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। दिल्ली पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फैक्ट्री मालिक की भूमिका की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों और मानकों का पालन किया गया था या नहीं।