Darbhanga में पुलिस को चकमा देकर फरार हुई हत्या की आरोपी महिला, बेटे के साथ वन स्टॉप सेंटर से हुई गायब

Darbhanga: बिहार के दरभंगा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ लहेरियासराय स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर से हत्या की आरोपी एक महिला अपने पांच साल के बेटे के साथ फरार हो गई। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और

Darbhanga: बिहार के दरभंगा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ लहेरियासराय स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर से हत्या की आरोपी एक महिला अपने पांच साल के बेटे के साथ फरार हो गई। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला की पहचान सौरा परवीन (सौरा खातून) के रूप में हुई है। वह अपनी सौतन की हत्या के मामले में आरोपी है। बहादुरपुर पुलिस ने उसे 6 जुलाई 2026 को बलुआही गांव से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय काफी देर हो चुकी थी, इसलिए उसे कोर्ट ले जाने के बजाय सुरक्षा कारणों से 24 घंटे के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था।

मंगलवार, 7 जुलाई 2026 को सुबह करीब 9:24 बजे सौरा परवीन ने महिला गार्ड को यह कहकर गुमराह किया कि वह अपने बच्चे को टॉयलेट ले जाना चाहती है। इसी बहाने वह अपने बेटे को लेकर वहां से रफूचक्कर हो गई। घटना का पता सुबह 10:30 बजे चला जब महिला गार्ड उसे खाना देने कमरे में पहुंची और कमरा खाली पाया।

वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक अजमतुन निशा ने साफ कहा कि यह सेंटर अपराध के आरोपियों को रखने के लिए नहीं बना है। उन्होंने सेंटर में सुरक्षा की कमी पर भी चिंता जताई है। सखी वन स्टॉप सेंटर असल में हिंसा से पीड़ित महिलाओं को मेडिकल मदद, कानूनी सलाह और अस्थायी आश्रय देने के लिए बनाया गया है, न कि अपराधियों को रखने के लिए।

इस मामले में लहेरियासराय थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस आरोपी महिला व उसके बच्चे की तलाश कर रही है। वहीं, बिहार समाज कल्याण विभाग ने 6 जुलाई को राज्य के सभी वन स्टॉप सेंटरों में महिला सुरक्षा गार्ड तैनात करने की योजना बनाई थी ताकि महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिल सके। इस घटना के बाद बहादुरपुर पुलिस की लापरवाही चर्चा में है कि उन्होंने एक हत्या की आरोपी को ऐसी जगह क्यों रखा जहाँ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे।