Lucknow में CM योगी ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, 30 हजार युवाओं के साथ 2km पैदल चले मुख्यमंत्री

Lucknow: काकोरी ट्रेन एक्शन डे की 101वीं वर्षगांठ के मौके पर रविवार को राजधानी लखनऊ में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस यात्रा का नेतृत्व किया और करीब 2 किलोमीटर तक पैदल चले। यह आयोजन भा

Lucknow: काकोरी ट्रेन एक्शन डे की 101वीं वर्षगांठ के मौके पर रविवार को राजधानी लखनऊ में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस यात्रा का नेतृत्व किया और करीब 2 किलोमीटर तक पैदल चले। यह आयोजन भाजपा के ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान का हिस्सा था ताकि स्वतंत्रता दिवस से पहले लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना बढ़ाई जा सके।

यह पदयात्रा मुख्यमंत्री आवास से शुरू हुई और सिविल अस्पताल व अटल चौक होते हुए विधान भवन के सामने जाकर समाप्त हुई। इस यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी शामिल रहे। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, एनसीसी कैडेट, एनएसएस सदस्य, स्काउट-गाइड और लगभग 30,000 छात्र-छात्राएं और आम लोग तिरंगा लेकर चले।

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़े शब्दों में कहा कि भारत में रहकर राष्ट्रीय प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि वंदे मातरम का अपमान नहीं चलेगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने ‘काकोरी कांड’ का नाम बदलकर ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ किया है ताकि क्रांतिकारियों को सही सम्मान मिल सके।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नागरिकों से स्वतंत्रता संग्राम और विभाजन के समय हुए कष्टों को याद रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने को कहा। साथ ही उन्होंने सभी लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील भी की।

इस आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री आवास पर स्थानीय कलाकारों ने देशभक्ति गीत पेश किए और मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ सेल्फी भी ली। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री काकोरी शहीद स्मारक जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वह सिद्धार्थनगर जाएंगे, जहां 311 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। बता दें कि 9 से 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।