Delhi में ई-रिक्शा रोकने वाले चीनी ऐप्स पर केंद्र सख्त, Google और Apple स्टोर से हटाने का आदेश
Delhi: दिल्ली की सड़कों पर चलने वाले ई-रिक्शा को रिमोट से रोकने वाले चीनी ऐप्स के खिलाफ केंद्र सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। सरकार ने Google Play Store और Apple App Store को BAT-BMS, Lossigy और Epoch Li-ion जैसे ऐप्स को
Delhi: दिल्ली की सड़कों पर चलने वाले ई-रिक्शा को रिमोट से रोकने वाले चीनी ऐप्स के खिलाफ केंद्र सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। सरकार ने Google Play Store और Apple App Store को BAT-BMS, Lossigy और Epoch Li-ion जैसे ऐप्स को तुरंत हटाने का आदेश दिया है। यह कदम उन वीडियो के बाद उठाया गया जिनमें इन ऐप्स के जरिए चलते रिक्शा को ब्लूटूथ से बंद करते दिखाया गया था।
दरअसल, ये ऐप्स असल में लिथियम-आयन बैटरी की वोल्टेज और तापमान चेक करने के लिए बनाए गए थे। लेकिन कुछ चीनी बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) में पासवर्ड या सिक्योरिटी की कमी थी, जिसका फायदा उठाकर लोग इन्हें गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहे थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर ऐसे वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें ई-रिक्शा को चलते-चलते बंद किया जा रहा था। इससे ड्राइवर और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर खतरा पैदा हो गया था।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सचिव एस. कृष्णन ने बताया कि दो ऐसे ऐप्स उनके संज्ञान में आए थे जिन्हें स्टोर से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि ऐप मार्केटप्लेस को अब और ज्यादा सावधानी बरतनी होगी ताकि ऐसे हानिकारक ऐप्स न आ सकें। सरकार अब ई-रिक्शा में इस्तेमाल होने वाले चीनी कंट्रोल सिस्टम के लिए नए नियम बनाने पर विचार कर रही है, ताकि भविष्य में सुरक्षित और भरोसेमंद तकनीक का इस्तेमाल हो।
दूसरी तरफ, दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने इस मामले पर कहा कि सरकार इसकी जांच कर रही है और इस तरह की हरकतें पूरी तरह गैरकानूनी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस इस पर सख्त एक्शन लेगी। परिवहन विभाग को इन ऐप्स की सच्चाई और इनके गलत इस्तेमाल के दावों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के साथ उन्होंने दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी 2026 का जिक्र करते हुए बताया कि सरकार अगले चार साल में करीब 32,000 चार्जिंग पॉइंट लगाने की योजना बना रही है ताकि ईवी को बढ़ावा मिल सके।